जगदलपुर में देसी कट्टा लहराकर धमकाने वाला युवक गिरफ्तार, जिंदा कारतूस बरामद

Spread the love

जगदलपुर : बस्तर जिले के जगदलपुर में लालबाग मैदान के पास देसी कट्टा लहराकर लोगों को धमकाने के मामले में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। सूचना मिलने के बाद कोतवाली पुलिस और क्राइम टीम ने मौके पर घेराबंदी की और आरोपी को पकड़ लिया।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार युवक की पहचान अजय राजपूत, निवासी बस्तर के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देसी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत कार्रवाई की है।

ये भी पढ़े :रायपुर में बना रक्तदान का रिकॉर्ड! 3 हजार से ज्यादा लोगों ने किया रक्तदान, गोल्डन बुक में दर्ज हुआ आयोजन

2021 में यूपी से हथियार खरीदने का दावा

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने कथित तौर पर यह हथियार वर्ष 2021 में उत्तर प्रदेश के किसी व्यक्ति से खरीदा था। अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि हथियार की सप्लाई किसके जरिए हुई और इसके पीछे कोई अन्य व्यक्ति या नेटवर्क तो शामिल नहीं है।

पुलिस के अनुसार, अजय राजपूत के खिलाफ पहले भी NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज हो चुका है और वह करीब एक साल जेल में रह चुका है। पुलिस को उसके किसी गैंग से जुड़े होने की जानकारी भी मिली है, जिसकी अब जांच की जा रही है।

हथियार सप्लाई के कनेक्शन की पड़ताल

फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। जांच का फोकस हथियार के स्रोत और उसके सप्लाई नेटवर्क पर है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि देसी कट्टा कहां से आया, आरोपी तक किसके माध्यम से पहुंचा और क्या इस मामले में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है।

पुलिस का कहना है कि पूछताछ और जांच के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *