गरियाबंद में बाढ़ के बीच कलेक्टर रणबीर शर्मा का औचक दौरा, मैनपुर में दिए सख्त निर्देश

Spread the love

गरियाबंद :  जिले में लगातार हुई मूसलाधार बारिश के बाद कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। बाढ़ और जलभराव की स्थिति का जायजा लेने गरियाबंद कलेक्टर रणबीर शर्मा शनिवार को अचानक मैनपुर विकासखंड के दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों में पहुंचे। उन्होंने प्रभावित गांवों का दौरा कर मौके पर स्थिति देखी और ग्रामीणों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं।

कलेक्टर ने दबनई, फरसरा, छिन्दौला, साल्हेभाठ, भाठीगढ़, हरदीभाठा समेत कई गांवों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बाढ़ से हुए नुकसान, जलभराव और आवागमन की स्थिति की जानकारी ली। ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी परेशानियां सुनीं और संबंधित अधिकारियों से मौके की स्थिति पर चर्चा की।

कलेक्टर रणबीर शर्मा ने एसडीएम और तहसीलदार को निर्देश दिए कि बारिश और बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों में फसल नुकसान, मकानों को हुई क्षति और अन्य नुकसान का तत्काल सर्वे कराया जाए। उन्होंने कहा कि प्रभावित लोगों को शासन के नियमानुसार राहत और मुआवजा उपलब्ध कराने के लिए जरूरी कार्रवाई में देरी नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने के साथ जलभराव वाले इलाकों में संक्रामक बीमारियों की रोकथाम को लेकर स्वास्थ्य विभाग को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए। प्रशासन की टीम को प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी बनाए रखने के लिए कहा गया।

ये भी पढ़े :गरियाबंद में बाढ़ का अलर्ट: विधायक-कलेक्टर ने राजिम और मैनपुर में लिया जायजा, अधिकारियों को दिए निर्देश

सैकड़ों सीढ़ियां चढ़कर पैरी माता के मंदिर पहुंचे कलेक्टर

मैनपुर दौरे के दौरान कलेक्टर रणबीर शर्मा क्षेत्र के प्रसिद्ध धार्मिक एवं प्राकृतिक पर्यटन स्थल पैरी उद्गम भाठीगढ़ भी पहुंचे। पहाड़ी पर बने मंदिर तक पहुंचने के लिए उन्होंने सैकड़ों सीढ़ियां चढ़कर ऊपर तक का सफर किया और पैरी माता के मंदिर में दर्शन किए।

इस दौरान क्षेत्र के लोगों ने कलेक्टर को पैरी उद्गम के धार्मिक और प्राकृतिक महत्व की जानकारी दी। भाठीगढ़ राज के प्रमुख हरिशचंद नेगी, आदिवासी समाज के वरिष्ठ खेदु नेगी, ग्राम पंचायत भाठीगढ़ की सरपंच पुष्पा नेगी, पूर्व जनपद सदस्य डाकेश्वर नेगी, पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष रामदास वैष्णव समेत स्थानीय लोगों ने क्षेत्र के विकास से जुड़ी मांगें उनके सामने रखीं।

ग्रामीणों ने बताया कि पैरी उद्गम क्षेत्र का प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थल है। कलेक्टर ने ग्रामीणों की मांगों को गंभीरता से सुना और कहा कि जिला प्रशासन इस प्राकृतिक एवं धार्मिक स्थल को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में हरसंभव प्रयास करेगा।

आश्रम में बच्चों से सीधे संवाद, सवाल पूछकर परखी पढ़ाई

कलेक्टर ने भाठीगढ़ स्थित आदिवासी बालक आश्रम का भी औचक निरीक्षण किया। यहां उन्होंने छात्र-छात्राओं से बातचीत कर आश्रम में पढ़ाई और व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

कलेक्टर ने बच्चों से उनकी पढ़ाई से जुड़े कई सवाल पूछे और सामान्य ज्ञान के माध्यम से उनकी समझ को परखा। बच्चों ने आत्मविश्वास के साथ सवालों के जवाब दिए। उनकी प्रतिभा और जवाब देने के तरीके से कलेक्टर प्रभावित नजर आए।

उन्होंने बच्चों की सराहना करते हुए उनका उत्साह बढ़ाया और स्वयं आगे बढ़कर उनसे हाथ मिलाया। कलेक्टर ने बच्चों को पढ़ाई पर ध्यान देने और आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।

कलेक्टर के इस दौरे में एक तरफ जहां बाढ़ प्रभावित इलाकों में प्रशासनिक तैयारियों और राहत कार्यों की जमीनी समीक्षा हुई, वहीं दूसरी ओर पैरी उद्गम जैसे पर्यटन स्थल और आदिवासी आश्रम की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *