गरियाबंद : जिले में लगातार हो रही बारिश और नदियों के बढ़ते जलस्तर के बीच बाढ़ की स्थिति पर प्रशासन ने निगरानी तेज कर दी है। राजिम क्षेत्र में विधायक रोहित साहू ने प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ प्रभावित इलाकों का दौरा कर हालात का जायजा लिया। वहीं कलेक्टर रणवीर शर्मा ने मैनपुर क्षेत्र में पहुंचकर बारिश और बाढ़ से प्रभावित इलाकों की स्थिति देखी और राहत-बचाव की तैयारियों की समीक्षा की।
राजिम में विधायक ने लिया बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जायजा
राजिम क्षेत्र में विधायक रोहित साहू ने नगर पालिका अध्यक्ष महेश यादव, एसडीएम विशाल महाराणा, तहसीलदार डिम्पल ध्रुव, सीएमओ संतोष विश्वकर्मा समेत राजस्व और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया।
इस दौरान विधायक ने जलभराव और बाढ़ की स्थिति का मौके पर जायजा लिया। उन्होंने प्रशासन की ओर से राहत एवं बचाव के लिए की गई वैकल्पिक व्यवस्थाओं की जानकारी अधिकारियों से ली।
विधायक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित लोगों तक जरूरत के मुताबिक तत्काल सहायता पहुंचाई जाए। साथ ही किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए जरूरी संसाधन और व्यवस्थाएं पहले से तैयार रखने को कहा।
उन्होंने लोगों से भी अपील की कि नदी-नालों, जलभराव वाले क्षेत्रों और अन्य जोखिम वाले स्थानों से दूरी बनाए रखें और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
ये भी पढ़े :खारून नदी का बढ़ा जलस्तर, महादेव घाट का विसर्जन कुंड बंद; प्रशासन ने जारी की अपील
मैनपुर में कलेक्टर ने संभाला मोर्चा
इधर, गरियाबंद कलेक्टर रणवीर शर्मा ने मैनपुर क्षेत्र का दौरा कर बारिश और बाढ़ से प्रभावित इलाकों की स्थिति का जायजा लिया। कलेक्टर पैरी नदी के उद्गम स्थल तक पहुंचे और वहां की परिस्थितियों का निरीक्षण किया।
दौरे के दौरान उन्होंने आदिवासी अंचलों में संचालित छात्रावासों का भी निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
कलेक्टर ने अधिकारियों से राहत, बचाव और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर की गई तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी बनाए रखने और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने के निर्देश दिए।
प्रशासन की नजर, फिलहाल स्थिति नियंत्रण में
कलेक्टर ने कहा कि फिलहाल जिले में स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन प्रशासनिक टीमें लगातार प्रभावित क्षेत्रों पर नजर बनाए हुए हैं। किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
विधायक बोले- 30 साल बाद राजिम में ऐसे हालात
विधायक रोहित साहू ने कहा कि राजिम क्षेत्र में करीब 30 साल बाद बाढ़ की ऐसी स्थिति निर्मित हुई है। उन्होंने लोगों से नदी-नालों और जलभराव वाले इलाकों से दूर रहने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए प्रशासन लगातार स्थिति की निगरानी कर रहा है और जरूरत के अनुसार राहत एवं बचाव की कार्रवाई की जाएगी।




