रायपुर में 2 साल पुरानी महिला हत्या की गुत्थी सुलझी, नाखूनों में मिले DNA से तीन आरोपी गिरफ्तार

Spread the love

रायपुर: राजधानी रायपुर में करीब दो साल पहले हुई महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। खमतराई थाना क्षेत्र में हुई इस हत्या की जांच के दौरान मृतिका के नाखूनों से मिले Biological Traces को सुरक्षित रखा गया था। बाद में तैयार की गई DNA प्रोफाइल का संदिग्धों के DNA सैंपल से वैज्ञानिक मिलान कराया गया, जिसमें तीनों का DNA मैच होने की बात पुलिस ने बताई है।

मामले का खुलासा अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम कांबले और DCP नॉर्थ जोन दीपमाला कश्यप ने किया।

21 अगस्त 2024 को हुई थी लता साहू की हत्या

पुलिस के मुताबिक, 21 अगस्त 2024 को खमतराई थाना क्षेत्र में 40 वर्षीय लता साहू की हत्या हुई थी। घटना के समय आरोपी अज्ञात थे। जांच के दौरान पुलिस ने मृतिका के हाथों के नाखूनों से मिले Biological Traces को सुरक्षित कराया और उनका DNA प्रोफाइल तैयार करवाया।

मामला आगे की विवेचना के लिए महत्वपूर्ण वैज्ञानिक साक्ष्य के साथ सुरक्षित रखा गया।

DNA सैंपल से खुली हत्याकांड की गुत्थी

वर्ष 2026 में मामले की विवेचना के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी पुलिस के सामने आई। इसके बाद संदिग्धों के DNA सैंपल लिए गए।

पुलिस के अनुसार, इन सैंपलों का पहले से सुरक्षित DNA प्रोफाइल से वैज्ञानिक मिलान कराया गया। जांच में तीनों आरोपियों का DNA मृतिका के नाखूनों से मिले Biological Traces से मैच होना सामने आया। इसके बाद पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पुलिस का कहना है कि पूछताछ के शुरुआती दौर में आरोपियों ने घटना को लेकर अलग-अलग बातें बताईं। हालांकि, वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर पूछताछ आगे बढ़ने के बाद घटना से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए।

ये भी पढ़े :मतदाता सूची से छूटे नाम जुड़ेंगे, चुनाव आयोग का विशेष अभियान; BLO घर-घर जाकर करेंगे सत्यापन

शराब को लेकर विवाद के बाद संघर्ष, फिर महिला की मौत

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के कथन में सामने आया कि 21 अगस्त 2024 को तीनों लता साहू के घर पर शराब पी रहे थे। शराब खत्म होने के बाद दोबारा शराब मांगने को लेकर विवाद शुरू हुआ और देखते ही देखते झूमाझटकी होने लगी।

पुलिस के अनुसार, इसी दौरान राजू मंडल ने लता साहू का गला दबाया। मनहरण सारंग ने उसके दोनों हाथ पकड़ रखे थे, जबकि राजेश पाल उर्फ चोटी ने दोनों पैर पकड़ रखे थे।

संघर्ष के दौरान लता साहू ने बचने के लिए आरोपियों को नोचने का प्रयास किया। पुलिस की जांच के अनुसार, इसी दौरान आरोपियों के Biological Traces मृतिका के नाखूनों में आए, जिन्हें बाद में DNA जांच के लिए सुरक्षित किया गया था।

पुलिस के मुताबिक, कुछ समय बाद लता साहू की छटपटाहट बंद हो गई। इसके बाद तीनों आरोपी घर में रखी नगदी, साड़ी और बाजारू पायल लेकर पीछे की दीवार से निकलकर फरार हो गए। पुलिस के अनुसार, नगदी आरोपियों ने आपस में बांट ली, जबकि साड़ी और पायल मनहरण सारंग के पास रखी गई थी।

तीन आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने मामले में मनहरण सारंग, राजेश पाल उर्फ चोटी उर्फ राजू और राजू मंडल उर्फ बंगाली को गिरफ्तार किया है।

– मनहरण सारंग, पिता ईंतवारी सारंग, उम्र 33 वर्ष, निवासी प्रेमनगर, रावांभाठा।
– राजेश पाल उर्फ चोटी उर्फ राजू, पिता गोविन्द्र पाल, उम्र 31 वर्ष, निवासी हीरालाल वार्ड, नवागांव, जिला मुंगेली।
– राजू मंडल उर्फ बंगाली, पिता विजय मंडल, उम्र 35 वर्ष, वर्तमान निवासी रावणभाठा, रायपुर।

आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया

पुलिस के अनुसार, राजू मंडल उर्फ बंगाली के खिलाफ पहले से चोरी के दो और हत्या का एक मामला दर्ज है। वर्तमान प्रकरण उसके खिलाफ दर्ज चौथा अपराध बताया गया है।

वहीं, मनहरण सारंग के खिलाफ मारपीट कर गंभीर चोट पहुंचाने और अवैध वसूली से संबंधित अपराध दर्ज होने की जानकारी पुलिस रिकॉर्ड में सामने आई है।

पुलिस अब आरोपियों की निशानदेही पर घटना से संबंधित वस्तुओं और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के संबंध में वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *