अदानी पावर प्लांट में शराब बिक्री के विवाद पर बवाल, जमकर पथराव; TI समेत कई पुलिसकर्मी घायल

Spread the love

रायपुर : राजधानी रायपुर के खरोरा थाना क्षेत्र के रायखेड़ा स्थित अदानी पावर प्लांट में शराब बिक्री को लेकर विवाद के बाद जमकर बवाल और पथराव होने की घटना सामने आई है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, प्लांट के भीतर शराब बेचने को लेकर मजदूरों और सिक्योरिटी गार्ड के बीच विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक हो गया।

विवाद के दौरान पथराव की घटना भी हुई। बताया जा रहा है कि ग्रामीणों की ओर से गांव में शराब बिक्री का विरोध किए जाने के बाद भी मामला और बढ़ गया।

सरपंच की गाड़ी पर भी पथराव

घटना की जानकारी मिलने के बाद रायखेड़ा सरपंच दिनेश वर्मा मौके पर पहुंचे। इसी दौरान पथराव की चपेट में उनकी गाड़ी भी आ गई और वाहन के कांच टूट गए।

मामले की सूचना मिलते ही खरोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।

पुलिस पर भी हुआ पथराव, TI को लगी चोट

पुलिस के पहुंचने के बाद भी स्थिति पूरी तरह शांत नहीं हुई। पथराव के दौरान खरोरा थाना प्रभारी समेत कई पुलिसकर्मियों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी अतिरिक्त बल के साथ मौके पर पहुंचे। क्षेत्र में किसी तरह की स्थिति दोबारा न बिगड़े, इसके लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

ये भी पढ़े :एकतरफा तलाक पर हाई कोर्ट का बड़ा फैसला, पत्नी को नोटिस दिए बिना डिक्री देने पर लगाई रोक

CSP ने बताया- विवाद के दौरान टूटा सरपंच की गाड़ी का कांच

CSP विधानसभा वीरेंद्र चतुर्वेदी के मुताबिक, रायखेड़ा स्थित अदानी पावर प्लांट में मजदूरों और सिक्योरिटी गार्ड के बीच शराब बेचने के नाम पर विवाद की सूचना मिली थी। इसी दौरान रायखेड़ा सरपंच दिनेश वर्मा भी मौके पर पहुंचे।

CSP के अनुसार, मजदूरों की ओर से पथराव किया जा रहा था, जिसकी वजह से सरपंच के वाहन के कांच टूट गए। सूचना मिलते ही खरोरा थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव की कोशिश की। इसी दौरान थाना प्रभारी को भी चोट लगी।

फिलहाल स्थिति नियंत्रण में

घटना के बाद वरिष्ठ अधिकारी अतिरिक्त पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया है और इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। विवाद की शुरुआत किस वजह से हुई और पथराव में कितने लोग शामिल थे, इसे लेकर पुलिस की जांच जारी है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *