तखतपुर में डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा पर गोबर फेंकने से बवाल, धरने पर बैठा बहुजन समाज

Spread the love

तखतपुर :  बिलासपुर-तखतपुर मुख्य मार्ग पर लाखासर मोड़ के पास डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर अज्ञात व्यक्ति द्वारा गोबर फेंके जाने का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलते ही बहुजन समाज के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और प्रतिमा के पास धरना देकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

प्रदर्शनकारियों ने इस घटना को डॉ. अंबेडकर के अपमान से जोड़ते हुए कड़ी नाराजगी जताई। उनका कहना है कि अज्ञात व्यक्ति ने प्रतिमा के चेहरे समेत उसके अन्य हिस्सों पर गोबर फेंका है। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है।

पुलिस से आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग

बहुजन समाज के लोगों ने पुलिस प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए घटना की जांच करने और आरोपी की पहचान कर जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि इस तरह की घटना सामाजिक भावनाओं को आहत करने वाली है और दोषी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।

ये भी पढ़े :छत्तीसगढ़ PWD में बड़ा फेरबदल, 265 अधिकारी-कर्मचारियों का तबादला; देखें पूरी लिस्ट

5 दिन का अल्टीमेटम, गिरफ्तारी नहीं हुई तो चक्काजाम

बहुजन समाज पार्टी तखतपुर के महासचिव अखिलेश कोशले ने घटना पर नाराजगी जताते हुए कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के अपमान को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।

उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की कि घटना को अंजाम देने वाले आरोपी को 5 दिनों के भीतर गिरफ्तार किया जाए। साथ ही चेतावनी दी कि तय समय सीमा में गिरफ्तारी नहीं होने पर बहुजन समाज के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बिलासपुर-तखतपुर मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर आंदोलन करेंगे।

धरना जारी, पुलिस कार्रवाई का इंतजार

फिलहाल प्रतिमा स्थल पर बहुजन समाज के लोगों का धरना जारी है। प्रदर्शनकारी आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए हैं। वहीं पुलिस मामले की जांच कर रही है।

अब पुलिस के सामने अज्ञात आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार करने की चुनौती है। मामले में पुलिस की आगे की कार्रवाई पर सभी की नजर बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *