रायपुर : भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का आगामी 22 और 23 अक्टूबर 2026 को छत्तीसगढ़ प्रवास प्रस्तावित है। राष्ट्रपति के रायपुर और जगदलपुर दौरे को लेकर राज्य सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी सिलसिले में मुख्य सचिव की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें सुरक्षा समेत सभी जरूरी व्यवस्थाओं की तैयारियों पर चर्चा हुई।
बैठक में अधिकारियों को राष्ट्रपति के प्रवास के दौरान सुरक्षा, प्रोटोकॉल, आवास, स्वास्थ्य सुविधा और परिवहन व्यवस्था निर्धारित मापदंडों के अनुरूप सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। राष्ट्रपति के पूरे प्रवास कार्यक्रम के लिए संस्कृति विभाग को नोडल विभाग बनाया गया है।
रायपुर में इन कार्यक्रमों में शामिल होंगी राष्ट्रपति
प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू रायपुर में लोकभवन और बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम, बूढ़ापारा में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल हो सकती हैं।
इसके बाद जगदलपुर में लालबाग मैदान में आयोजित मुरिया दरबार और बस्तर दशहरा के अवसर पर होने वाले विशाल सार्वजनिक कार्यक्रम में राष्ट्रपति के शामिल होने का प्रस्ताव है।
ये भी पढ़े :सुकमा में बड़ा हादसा! IED निष्क्रिय करते समय ब्लास्ट, CRPF के 4 जवान घायल
रायपुर से बस्तर तक सुरक्षा व्यवस्था पर फोकस
मुख्य सचिव ने रायपुर और बस्तर संभाग के कलेक्टरों को राष्ट्रपति के प्रवास के दौरान सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट रायपुर और मां दंतेश्वरी एयरपोर्ट जगदलपुर से लेकर कार्यक्रम स्थलों तक सुरक्षा, कारकेड और सड़क मार्ग से आवागमन की सुगम व्यवस्था की जिम्मेदारी संबंधित जिला कलेक्टरों, पुलिस आयुक्त और पुलिस अधीक्षकों को सौंपी गई है।
राष्ट्रपति और उनके साथ आने वाले अतिथियों के ठहरने की व्यवस्था सहित अन्य प्रोटोकॉल संबंधी तैयारियों को लेकर भी संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
चिकित्सा व्यवस्था से लेकर तकनीकी इंतजाम तक की तैयारी
राष्ट्रपति के प्रवास को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की निर्धारित गाइडलाइन के अनुसार सभी जरूरी चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
कार्यक्रम स्थलों पर मानक के अनुरूप मंच, बैकड्रॉप, निर्बाध विद्युत आपूर्ति और वैकल्पिक बिजली व्यवस्था, साउंड-लाइट सिस्टम तथा ग्रीन रूम में कंप्यूटर, प्रिंटर और इंटरनेट जैसी सुविधाओं की तैयारी के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए हैं।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े कई विभागों के अधिकारी
समीक्षा बैठक में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव अविनाश चम्पावत, संस्कृति एवं पर्यटन विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन, गृह एवं श्रम विभाग के सचिव हिमशिखर गुप्ता, संचालक जनसंपर्क आशीष टिकरिया सहित लोकभवन के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।
इसके अलावा रायपुर और बस्तर के कलेक्टर, पुलिस मुख्यालय के अधिकारी, दोनों जिलों के पुलिस अधीक्षक, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, लोक निर्माण विभाग, एयरफोर्स, बीएसएनएल और एयरपोर्ट अथॉरिटी के अधिकारी भी बैठक से जुड़े।




