अवैध रेत परिवहन पर GPM में बड़ा एक्शन! कई इलाकों में घेराबंदी कर 9 ट्रैक्टर जब्त

Spread the love

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही :  जिले में प्राकृतिक संसाधनों के अवैध दोहन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। कलेक्टर विजय दयाराम के. के निर्देश पर जिला खनिज उड़नदस्ता दल ने अलग-अलग क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए अवैध रेत परिवहन कर रहे 9 ट्रैक्टरों को जब्त किया है।

खनिज विभाग की इस कार्रवाई के बाद अवैध रेत परिवहन में लगे लोगों में हड़कंप की स्थिति है। टीम ने संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी और घेराबंदी कर रेत से भरे वाहनों को पकड़ा।

मरवाही क्षेत्र से 5 ट्रैक्टर जब्त

खनिज विभाग की टीम ने मरवाही और आसपास के क्षेत्रों में कार्रवाई की। चिचगोहना, मडवाही, कुम्हारी और मरिहीघाट से रेत का अवैध परिवहन करते हुए 5 ट्रैक्टर पकड़े गए। जब्त वाहनों को सुरक्षा की दृष्टि से मरवाही थाना में खड़ा कराया गया है।

वहीं अमेराटिकरा और मौहारिटिकरा से एक-एक ट्रैक्टर जब्त किया गया, जिन्हें कोटमी चौकी में रखा गया है। इसके अलावा खन्ता-लालपुर क्षेत्र से भी एक ट्रैक्टर अवैध रेत परिवहन करते पकड़ा गया, जिसे नगर सैनिक लाइन में सुपुर्द किया गया है।

ये भी पढ़े :बच्ची की मौत से भड़का गुस्सा, पेट्रोल पंप पहुंचकर दो बाइकों में लगा दी आग; गिरफ्तार हुआ आरोपी

माइंस एक्ट के तहत होगी कार्रवाई

खनिज विभाग के अधिकारियों के अनुसार सभी 9 वाहन स्वामियों के खिलाफ खान और खनिज (विकास और विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21(1), 21(5) और 23(क) के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

नियमानुसार निर्धारित अर्थदंड और समझौता राशि खनिज मद में जमा होने के बाद ही जब्त वाहनों को छोड़े जाने की प्रक्रिया होगी।

अवैध खनन की शिकायतों पर जीरो टॉलरेंस

कलेक्टर विजय दयाराम के. ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन सहित अन्य माध्यमों से मिलने वाली अवैध उत्खनन और परिवहन की शिकायतों की गंभीरता से जांच की जाए और उनका तत्काल निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

इस कार्रवाई में खनिज अधिकारी आदित्य मानकर, खनिज निरीक्षक सुजीत कंवर, खनिज सिपाही शिवकुमार लहरे और नगर सैनिक छवि ओट्टी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन और रेत के अवैध परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *