रायपुर : राजधानी में प्रतिबंधित नशीली दवाओं की अवैध बिक्री के खिलाफ एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और तेलीबांधा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की है। पुलिस टीम ने मुक्तिधाम के पास ग्राहक तलाश रहे दो युवकों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 130 नग प्रतिबंधित नाइट्रोसन-10 टैबलेट बरामद हुई हैं, जिनकी कीमत करीब 52 हजार रुपये बताई गई है।
मुखबिर से मिली थी नशीली टैबलेट बेचने की सूचना
पुलिस के मुताबिक, 22 नवंबर 2026 को एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स को सूचना मिली थी कि तेलीबांधा थाना क्षेत्र के मुक्तिधाम के पास दो व्यक्ति प्रतिबंधित नशीली टैबलेट बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक रंजनाला और पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल जोन) तारकेश्वर पटेल ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर पकड़ा
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और तेलीबांधा थाना पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर उन्हें पकड़ लिया गया।
पूछताछ में दोनों ने अपना नाम प्रहलाद निर्मलकर और गोपी किशन कुल्हरिया बताया। तलाशी के दौरान उनके पास प्रतिबंधित नशीली टैबलेट मिलीं।
52 हजार रुपये की 130 टैबलेट जब्त
पुलिस के अनुसार, टैबलेट रखने और उनकी बिक्री करने के संबंध में दोनों से वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने उनके कब्जे से कुल 130 नग नाइट्रोसन-10 टैबलेट जब्त कीं। जब्त सामग्री की कीमत लगभग 52 हजार रुपये आंकी गई है।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर तेलीबांधा थाने में अपराध क्रमांक 534/26 के तहत नारकोटिक एक्ट की धारा 22(ख) में मामला दर्ज किया है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम:
- प्रहलाद निर्मलकर (28 वर्ष), पिता स्वर्गीय नरेश निर्मलकर, निवासी संतोषी नगर दुर्गापारा, श्री शिव दुर्गा मंदिर के आगे, टिकरापारा, रायपुर।
- गोपी किशन कुल्हरिया (23 वर्ष), पिता राम सगवन कुल्हरिया, निवासी सुभाष नगर देवारपारा, थाना तेलीबांधा, रायपुर।
पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।




