Raipur Murder: अमलीडीह में 18 वर्षीय युवक की बेरहमी से हत्या, पेपर कटर से जांघ पर किए ताबड़तोड़ वार; मौके पर मौत

Spread the love

रायपुर : राजधानी रायपुर के अमलीडीह इलाके में शनिवार देर रात 18 वर्षीय युवक की हत्या का मामला सामने आया है। स्वर्ण जयंती चौक के पास अज्ञात हमलावरों ने गौरव सेन पर धारदार पेपर कटर से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल युवक की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 घर लौटते समय युवक पर हमला

मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान अमलीडीह निवासी गौरव सेन के रूप में हुई है। शनिवार रात करीब 10:30 बजे वह किसी काम से बाहर गया था। घर लौटते समय जब वह स्वर्ण जयंती चौक के पास पहुंचा, तभी कुछ अज्ञात युवकों ने उसे घेर लिया।

आरोप है कि इसके बाद हमलावरों ने पेपर कटर से गौरव की जांघ पर कई वार किए। हमले में उसकी मुख्य नस कट गई, जिससे काफी खून बहने लगा। गंभीर रूप से घायल गौरव सड़क पर गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई।

ये भी पढ़े :डोंगरगढ़ में श्रद्धालुओं को परेशान करना पड़ा भारी, तेज रफ्तार बाइक और हॉर्न बजाने वाले 3 युवकों पर कार्रवाई

सड़क पर मिला शव, पुलिस को दी गई सूचना

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क पर युवक को खून से लथपथ देखा और पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही न्यू राजेंद्र नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को अपने कब्जे में लिया और पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों को भी घटना की सूचना दी गई।

 हत्या की वजह का पता लगाने में जुटी पुलिस

न्यू राजेंद्र नगर थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। फिलहाल वारदात के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है और आरोपियों की पहचान भी नहीं हुई है।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। इसके साथ ही घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *