कोंटा में करोड़ों की गांजा तस्करी का भंडाफोड़, नमक की बोरियों के नीचे मिले 150 पैकेट; राजस्थान के 2 आरोपी गिरफ्तार

Spread the love

सुकमा: गांजे की तस्करी करने वालों के खिलाफ पुलिस ने बड़ा अभियान चला रखा है. इसी कड़ी में कोंटा पुलिस ने 308 किलो गांजा पिकअप वाहन से पकड़ा है. पकड़े गए गांजे की अनुमानित कीमत 1 करोड़ 54 लाख के करीब आंकी जा रही है. गांजा तस्कर गांजे की इस खेप को नमक की बोरियों के नीचे छिपाकर ले जा रहे थे. पुलिस ने शक होने पर गाड़ी की सघन तलाशी ली, जिसके बाद नमक की बोरियों के नीचे छिपाकर रखा गया गांजा बरामद किया गया. पुलिस ने गांजे के साथ 2 लोगों को भी गिरफ्तार किया है. पकड़े गए दोनों लोग राजस्थान के रहने वाले हैं.

ये भी पढ़े :अशोक चक्र के बिना फहराया तिरंगा, सरपंच को नोटिस; 3 दिन में जवाब नहीं तो जा सकती है कुर्सी!

1 करोड़ 54 लाख का गांजा पकड़ा गया

दरअसल, पुलिस को मुखबिर के जरिए ये खबर मिली थी कि एक पिकअप वाहन के जरिए गांजे की तस्करी की जा रही है. गांजे की ये खेप ओडिशा के मलकानगिरी से होते हुए कोंटा आएगी, फिर यहां से उसे राजस्थान ले जाने की तैयारी है. पुलिस ने मुखबिर की खबर को पुष्ट करने के बाद कोंटा के मोटू मुख्य मार्ग पर नाकेबंदी लगाई. सुबह करीब 6 बजे संदिग्ध गाड़ी मौके पर पहुंची. पहले से सतर्क जवानों ने तत्काल पॉजिशन लेते हुए गाड़ी को अपने कब्जे में ले लिया. गाड़ी में सवार दोनों लोगों ने पुलिस को बताया कि वो नमक लेकर जा रहे हैं. जिसके बाद पुलिस ने गाड़ी की तलाशी लेनी शुरू की. तलाशी के दौरान 300 किलो से ज्यादा गांजा पकड़ा गया।

150 पैकेट में छिपाकर रखा गया था करोड़ों का गांजा
कोंटा पुलिस ने बताया कि गाड़ी में 150 गांजे के पैकेट नमक की बोरियों के नीचे छिपाकर रखे गए थे. गांजे की खेप के साथ पकड़े गए आरोपियों की पहचान शिव कुमार प्रजापति, उम्र 24 साल, निवासी भीलवाड़ा और उदय राम बलई, उम्र 24 साल, निवासी भीलवाड़ा, राजस्थान के रुप में हुई. कोंटा पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *