बेमेतरा कलेक्टर ने ली समय-सीमा बैठक, लंबित प्रकरणों और धान खरीदी की तैयारी पर दिए निर्देश

Spread the love

बेमेतरा टेकेश्वर दुबे: जिले में लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण, शासकीय योजनाओं की लक्ष्य पूर्ति और विकास कार्यों को गति देने के लिए कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं ने अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। 13 अक्टूबर को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में विभिन्न विभागों के कामकाज, राजस्व मामलों और आगामी धान खरीदी सीजन की तैयारियों की समीक्षा की गई।

शिकायतों का समय-सीमा में हो गुणवत्तापूर्ण निराकरण

बैठक में कलेक्टर ने समय-सीमा के लंबित प्रकरणों के साथ जनदर्शन, पीजी पोर्टल और मुख्यमंत्री कार्यालय से प्राप्त शिकायतों की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आम नागरिकों की समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण समाधान निर्धारित समय में सुनिश्चित किया जाए। किसी भी प्रकरण को बिना उचित कारण के लंबित नहीं रखा जाना चाहिए।

सरकारी योजनाओं के लक्ष्य समय पर पूरे करने पर जोर

कलेक्टर ने प्रधानमंत्री आवास योजना, महतारी वंदन योजना, जल जीवन मिशन, आयुष्मान कार्ड और मनरेगा सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने और योजनाओं का लाभ मैदानी स्तर पर पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।

धान खरीदी से पहले किसान पंजीयन और बारदाने की व्यवस्था करें पूरी

आगामी धान खरीदी सीजन को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर ने किसान पंजीयन, बारदाने की उपलब्धता और खरीदी केंद्रों में मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने तौल मशीनों का सत्यापन कराने सहित सभी जरूरी तैयारियां समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए।

राजस्व विभाग की समीक्षा के दौरान नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन और अविवादित खाता विभाजन जैसे लंबित मामलों को अभियान चलाकर निराकृत करने पर जोर दिया गया।

ये भी पढ़े :रायपुर में डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाकर बुजुर्ग महिला से 7 लाख की ठगी, 5 दिन तक बनाया बंधक

निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और जियो-टैगिंग अनिवार्य

जिले में स्वीकृत सड़क, भवन, पुल-पुलिया, स्कूल और आंगनबाड़ी भवनों के निर्माण कार्यों की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने कार्यपालन अभियंताओं को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने और निर्धारित समय में काम पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी संबंधित कार्यों की जियो-टैगिंग सुनिश्चित करने को कहा।

सेवानिवृत्ति से पहले तैयार हों पेंशन के प्रकरण

कलेक्टर ने इस माह सेवानिवृत्त होने वाले शासकीय कर्मचारियों के पेंशन प्रकरणों को प्राथमिकता से तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी आहरण एवं संवितरण अधिकारियों से कहा कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों को पेंशन और अन्य देय स्वत्वों के भुगतान के लिए अनावश्यक परेशानी न हो। इसके लिए सभी जरूरी प्रकरण सेवानिवृत्ति की तिथि से पहले कोषालय भेजना सुनिश्चित किया जाए।

बैठक के अंत में कलेक्टर ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए जिले के विकास और जनहित से जुड़े कार्यों में तेजी लाने का आह्वान किया। बैठक में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री प्रेमलता पद्माकर, सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व (एसडीएम) और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *