किरंदुल : छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले के किरंदुल थाना क्षेत्र में छेड़छाड़ और मारपीट के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, एक आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़ के आरोप में मामला दर्ज किया गया है, जबकि दो अन्य आरोपियों पर घटना का विरोध करने वाले व्यक्तियों के साथ मारपीट करने के आरोप में कार्रवाई की गई। तीनों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।

छेड़छाड़ की शिकायत पर दर्ज हुआ मामला
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 14 अक्टूबर 2026 को किरंदुल निवासी एक पीड़िता ने छेड़छाड़ की घटना की शिकायत की थी। मामले में पुलिस ने मोहम्मद सालीन के खिलाफ थाना किरंदुल में अपराध क्रमांक 66/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 75(3) और 78(2) में प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया।
विरोध करने वालों से मारपीट का आरोप
पुलिस के अनुसार, छेड़छाड़ की घटना का विरोध करने वाले व्यक्तियों के साथ मारपीट के मामले में दो अन्य आरोपियों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। उनकी पहचान मोहम्मद सजीद (22 वर्ष), पिता मोहम्मद मुरस्लीन, निवासी पुराना भट्ठीपारा किरंदुल और मोहम्मद आजाद (23 वर्ष), पिता मोहम्मद इमरान, निवासी पुराना भट्ठीपारा किरंदुल के रूप में हुई है।
दोनों के खिलाफ अपराध क्रमांक 67/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 115(2) और 3(5) में मामला दर्ज किया गया। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों ने शिकायतकर्ता के साथ दोबारा विवाद किया और उग्र व्यवहार किया, जिसके बाद उन्हें भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170 के तहत गिरफ्तार किया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई
दंतेवाड़ा पुलिस अधीक्षक चंद्रमोहन सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र खूंटे और एसडीओपी अविनाश ठाकुर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी संजय यादव के नेतृत्व में कार्रवाई की गई।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। किरंदुल पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी घटना या दुर्घटना की जानकारी तत्काल नजदीकी पुलिस थाना अथवा थाना किरंदुल को दें।




