कोरबा में वेटिंग शेड और 195 स्ट्रीट लाइटों की सौगात, मंत्री लखनलाल देवांगन ने किया लोकार्पण

Spread the love

कोरबा : शहरवासियों की सुविधा बढ़ाने के उद्देश्य से कोरबा में वेटिंग शेड और स्ट्रीट लाइटों से जुड़े विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री तथा नगर विधायक लखनलाल देवांगन और महापौर संजू देवी राजपूत ने सीएसईबी चौक पर जिला खनिज न्यास (DMF) मद से 16.15 लाख रुपये की लागत से निर्मित वेटिंग शेड का उद्घाटन किया। इसके साथ ही नगर निगम के तीन प्रमुख मार्गों पर स्थापित 195 नई स्ट्रीट लाइटों को भी जनता को समर्पित किया गया।

इन सुविधाओं से लोगों को सार्वजनिक स्थानों पर बेहतर रोशनी मिलेगी। वहीं, सीएसईबी चौक पर सिग्नल खुलने का इंतजार करने वाले लोगों को तेज धूप और बारिश से बचने के लिए छायादार स्थान उपलब्ध होगा।

सीएसईबी चौक पर यात्रियों को मिलेगी राहत

लोकार्पण कार्यक्रम में मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि शहरवासियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है। सीएसईबी चौक पर वेटिंग शेड बनने से सिग्नल के दौरान इंतजार करने वाले लोगों को मौसम की मार से राहत मिलेगी।

उन्होंने बताया कि चौक के दूसरी ओर भी वेटिंग शेड का निर्माण जल्द पूरा किया जाएगा। इसके अलावा यात्रियों की सुविधा के लिए सुलभ शौचालय का काम भी शीघ्र पूरा करने की योजना है। सीएसईबी चौक को व्यवस्थित और सुविधाजनक बनाने के लिए अन्य कार्य भी किए जा रहे हैं।

मंत्री ने कहा कि जिला खनिज न्यास मद से जनहित और नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है।

ये भी पढ़े :कोरबा में किक मारते ही बाइक में लगी आग, देखते ही देखते जलकर हुई खाक; वीडियो वायरल

तीन प्रमुख मार्गों पर 195 नई स्ट्रीट लाइटें

नगर निगम क्षेत्र के तीन प्रमुख मार्गों पर लगाई गईं 195 स्ट्रीट लाइटों का भी लोकार्पण किया गया। इनका विवरण इस प्रकार है:

राताखार मुख्य मार्ग: पुराने पुल से होते हुए मुक्तिधाम तक 44 स्ट्रीट लाइटें।

रामनगर-अयोध्यापुरी मार्ग: वार्ड क्रमांक 51 और 52 में रामनगर चौक से सिपेट होते हुए अयोध्यापुरी तक 80 स्ट्रीट लाइटें। इस कार्य की लागत 25.50 लाख रुपये है।

सरदार वल्लभभाई पटेल नगर: वार्ड क्रमांक 58 में जमनीपाली पेट्रोल पंप चौक से कॉरपोरेशन साइट स्थित प्रधानमंत्री आवास तक 71 एलईडी स्ट्रीट लाइटें। इस कार्य पर 25.25 लाख रुपये खर्च किए गए हैं।

इन लाइटों के शुरू होने से संबंधित मार्गों पर रात के समय आवागमन के लिए रोशनी की उपलब्धता बढ़ेगी।

वार्डों में विकास कार्य तेज करने पर जोर

महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में वार्ड स्तर पर छोटे-बड़े विकास कार्यों के साथ मुख्य मार्गों के डामरीकरण सहित विभिन्न कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि नागरिकों की जरूरतों के अनुरूप मूलभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।

कार्यक्रम में पार्षद लक्ष्मण श्रीवास, राम कुमार साहू, मथुरा चंद्रा, मुकुंद कंवर, सरोज शांडिल्य और फिरथ साहू सहित एमआईसी सदस्य, जनप्रतिनिधि, एल्डरमैन तथा क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *