Cyclone Alert: छत्तीसगढ़ के इस जिले में कल स्कूल और आंगनबाड़ी बंद, कलेक्टर ने जारी किया आदेश

Spread the love

दंतेवाड़ा :  बंगाल की खाड़ी में संभावित चक्रवाती तूफान के प्रभाव से खराब मौसम, तेज हवाओं और भारी बारिश की आशंका के बीच दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाया है। बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 27 अक्टूबर 2026 को जिले के सभी शासकीय और अशासकीय स्कूलों के विद्यार्थियों के लिए अवकाश घोषित किया गया है। जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी इस दिन बंद रहेंगे।

कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव के निर्देश पर यह निर्णय लिया गया है। प्रशासन का कहना है कि प्रतिकूल मौसम के दौरान बच्चों को स्कूल आने-जाने में होने वाली संभावित परेशानी और सुरक्षा संबंधी जोखिमों को देखते हुए एहतियात बरतना जरूरी है।

सभी स्कूलों में विद्यार्थियों के लिए छुट्टी

जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय की ओर से जारी निर्देश के अनुसार, जिले के सभी शासकीय और अशासकीय प्राथमिक, माध्यमिक, हाई स्कूल तथा हायर सेकेंडरी स्कूलों में 27 अक्टूबर को विद्यार्थियों का अवकाश रहेगा।

ये भी पढ़े :छत्तीसगढ़ में पटवारियों की हड़ताल को तहसीलदारों का समर्थन, मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी

हालांकि, यह छुट्टी केवल छात्र-छात्राओं के लिए लागू होगी। शिक्षकों के लिए अवकाश घोषित नहीं किया गया है। ऐसे में शिक्षकों को जारी निर्देशों के अनुसार अपने दायित्वों का निर्वहन करना होगा।

आंगनबाड़ी केंद्र भी रहेंगे बंद

महिला एवं बाल विकास विभाग ने भी जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों को 27 अक्टूबर को बंद रखने के निर्देश जारी किए हैं। संबंधित परियोजना अधिकारियों और पर्यवेक्षकों को केंद्रों में रखी खाद्य सामग्री, शासकीय अभिलेखों और अन्य जरूरी सामान को सुरक्षित स्थान पर रखने के लिए कहा गया है।

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को पालकों एवं अभिभावकों तक अवकाश की सूचना पहुंचाने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि बच्चों को केंद्र तक लाने में किसी तरह की परेशानी न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *