सक्ती : छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में इलाज कराने पहुंची एक महिला के साथ कथित छेड़छाड़ के मामले में बाराद्वार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। पुलिस के मुताबिक, शिकायत दर्ज होने के करीब आठ घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
इलाज के दौरान छेड़छाड़ का आरोप
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने 28 अक्टूबर 2026 को थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि 27 अक्टूबर को सिरदर्द की शिकायत होने पर उसका पति उसे इलाज के लिए रायपुरा गांव में एक कथित झोलाछाप डॉक्टर के पास लेकर गया था।
पीड़िता के अनुसार, वहां आरोपी ने उसके पति को पर्दे की आड़ में बैठने के लिए कहा। इसके बाद सिरदर्द का कारण गैस बताते हुए उसे टेबल पर लेटने को कहा और पेट की जांच करने के दौरान कथित रूप से गलत नीयत से छेड़छाड़ की।
पीड़िता की लिखित शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
ये भी पढ़े :सक्ती: हत्या के बाद 6 दिन से फरार आरोपी जंगल में छिपा था, पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा
शिकायत के आठ घंटे के भीतर कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस भुवनेश्वरी पैकरा के मार्गदर्शन में बाराद्वार थाना प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, शिकायत दर्ज होने के करीब आठ घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई पूरी की गई। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में निरीक्षक नरेंद्र यादव, सहायक उप निरीक्षक यशवंत राठौर, श्यामा जायसवाल, प्रधान आरक्षक मनीष राजपूत, श्रीकांत सेंगर, प्रेमनारायण राठौर तथा आरक्षक योगेश राठौर, राकेश राठौर और महिला आरक्षक रूपा लहरे की भूमिका रही।
पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।




