जंगल में खून से लथपथ मिला अज्ञात युवक का शव, सीने-कंधे पर गहरे घाव से हत्या की आशंका

Spread the love

बलौदाबाजार :  छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में जंगल के भीतर एक अज्ञात युवक का खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक के सीने और कंधे के पास गहरे चोट के निशान मिले हैं। शुरुआती जांच में धारदार हथियार से हमला किए जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस हत्या समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

घटना राजादेवरी थाना क्षेत्र की बया चौकी इलाके की है। जानकारी के अनुसार, मुरूमडीह और रायतुम गांव के बीच स्थित जंगल में ग्रामीणों ने युवक का शव पड़ा देखा। शव खून से लथपथ था। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस और फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम मौके पर पहुंची।

ये भी पढ़े :उमर अब्दुल्ला-निधि राजदान की शादी पर मौलाना का फतवा, बोले- इस्लाम की नजर में निकाह नाजायज

सीने और कंधे पर मिले तीन गहरे घाव

मौके पर जांच के दौरान पुलिस को मृतक के सीने और कंधे के आसपास तीन गहरे चोट के निशान मिले। ये निशान धारदार हथियार से किए गए हमले जैसे प्रतीत हो रहे हैं। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

मृतक के शरीर पर गोदना (टैटू) के निशान भी मिले हैं। पुलिस को उम्मीद है कि इन निशानों के आधार पर युवक की पहचान करने में मदद मिल सकती है। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से जरूरी भौतिक साक्ष्य जुटाए हैं।

हत्या समेत सभी पहलुओं से जांच

पुलिस ने घटनास्थल पर पंचनामा कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। बया चौकी पुलिस आसपास के गांवों में जानकारी जुटाने के साथ युवक की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

पुलिस हत्या की आशंका सहित हर संभावित एंगल से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर ही मौत के कारणों और घटना की परिस्थितियों का खुलासा हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *