हैवानियत की हदें पार! 5 साल के मासूम की हत्या, शरीर के अंग निकालने की थी खौफनाक मंशा

Spread the love

 

 

जशपुर: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। सन्ना थाना क्षेत्र में 4-5 साल के मासूम बच्चे की बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करते हुए 27 वर्षीय आरोपी बासुदेव उर्फ टंगनू को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी सोशल मीडिया पर कम समय में ज्यादा पैसे कमाने के तरीके तलाशता था। इसी दौरान उसके मन में छोटे बच्चों के शरीर के अंग निकालकर बेचने का खौफनाक विचार आया। इसी मंशा से उसने मासूम को अपने जाल में फंसाया और उसकी हत्या कर दी।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर बच्चे का शव, हत्या में इस्तेमाल चाकू, फावड़ा, प्लास्टिक की बाल्टी और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए हैं।

तीन दिन से लापता था मासूम, खेत में बोरी के अंदर मिला शव

पुलिस के मुताबिक, ग्राम लोढ़ेनापाठ महुआ निवासी रामजीत राम (36) ने 7 नवंबर 2026 को सन्ना थाने में अपने 4-5 वर्षीय बेटे जितेंद्र राम की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। परिवार करीब एक साल पहले मजदूरी करने के लिए सन्ना आया था और आमटचुआ नदी डेम के पास झोपड़ी बनाकर रह रहा था।

परिजनों ने पुलिस को बताया कि 5 नवंबर की सुबह करीब 9 बजे बासुदेव उर्फ टंगनू उनके घर पहुंचा था। वह रामजीत राम और उसके एक परिचित को अपने साथ शराब पीने के लिए ले गया। बाद में सभी अलग-अलग हो गए। जब रामजीत वापस अपनी झोपड़ी पहुंचा तो उसका बेटा वहां नहीं था।

इसी दौरान एक व्यक्ति ने बताया कि उसने जितेंद्र को बासुदेव के साथ खेत में बनी झोपड़ी की ओर जाते देखा था। इसके बाद परिजनों ने आसपास के गांवों और खेतों में बच्चे की तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।

7 नवंबर की सुबह तलाश के दौरान सन्ना गांव के एक खेत में मक्का की बाड़ी की मेड़ के पास पानी से भरे गड्ढे में बोरी दिखाई दी। बोरी खोलने पर उसके अंदर कंबल और गोधड़ी में लिपटा मासूम का शव मिला। शव मिट्टी से दबा हुआ था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

सोशल मीडिया पर खोजता था जल्दी अमीर बनने का तरीका

मामले की गंभीरता को देखते हुए जशपुर पुलिस ने संदेही बासुदेव उर्फ टंगनू (27), निवासी ग्राम चलनी गोर्रापाठ, थाना सन्ना को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पुलिस के अनुसार, आरोपी पिछले करीब एक साल से सन्ना में मजदूरी कर रहा था और एक खेत में बनी झोपड़ी में रहता था। मजदूरी से मिलने वाली कमाई से वह संतुष्ट नहीं था। वह कम समय में ज्यादा पैसा कमाना चाहता था और इसके लिए सोशल मीडिया पर अलग-अलग तरीके तलाशता रहता था।

पुलिस का दावा है कि इसी दौरान उसके मन में छोटे बच्चों के शरीर के अंग निकालकर बेचने का विचार आया। इसी खौफनाक मंशा के चलते उसने मासूम जितेंद्र को निशाना बनाया।

शराब पिलाकर सुलाया, फिर चाकू से की हत्या

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 5 नवंबर को वह जितेंद्र को बहला-फुसलाकर गुलाम अंसारी के खेत में बनी झोपड़ी में ले गया था। इसके बाद वह बच्चे को महानदी डेम के पास सौर ऊर्जा प्लेट के नीचे ले गया और कुछ समय जंगल की ओर घुमाने के बाद वापस लौटा।

आरोपी बच्चे को लेकर सन्ना खुटाटांगर पहुंचा, जहां से उसने शराब और मुर्गा खरीदा। वापस लौटकर मुर्गा बनाया और बच्चे को भी शराब पिलाई। पुलिस के मुताबिक, जब बच्चा नशे की हालत में सो गया तो आरोपी ने पहले से रखे चाकू से उसका गला रेतकर हत्या कर दी।

हत्या के बाद शरीर के अंग निकाले, बाल्टी में रखकर छिपाया

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ में बताया कि हत्या के बाद उसने बच्चे के शरीर से किडनी, फेफड़े और आंखें निकालकर प्लास्टिक की बाल्टी में रख दिए थे। इसके बाद मासूम के शव को कंबल और गोधड़ी में लपेटकर बोरी में भरा और बहादुर के खेत में पानी से भरे गड्ढे में मिट्टी के नीचे दबा दिया।

आरोपी ने घटना में इस्तेमाल चाकू, फावड़ा और शरीर से निकाले गए अंगों को भी प्लास्टिक की बाल्टी में रखकर बांस के झुरमुट के पास गड्ढा खोदकर छिपा दिया था।

आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया जेल

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर बच्चे का शव, चाकू, फावड़ा, प्लास्टिक की बाल्टी और अन्य संबंधित सामग्री बरामद कर जब्त कर ली है। शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम कराया गया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सन्ना थाने में अपराध क्रमांक 88/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 137(1)(बी), 103(1) और 238(ए) के तहत मामला दर्ज किया है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका

इस हत्याकांड का खुलासा करने और आरोपी को गिरफ्तार करने में थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश यादव, उप निरीक्षक आभास मिंज, प्रधान आरक्षक सुमन टोप्पो, रविंद्र एक्का, विजय खूंटे तथा आरक्षक महेश्वर यादव, प्रवीण खलखो और बलबीर भगत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *