



गोवर्धन पूजा दीपवली के अगले दिन कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि को मनाई जाती है। गोवर्धन पूजा को अन्नकूट के नाम से भी जाना जाता है। इस दिन हिंदू धर्म में आस्था रखने वाले लोग घर में गाय के गोबर से गोवर्धन पर्वत बनाते हैं और उसकी पूजा करते हैं। साथ ही गोवर्धन पर्वत की परिक्रमा करने का भी इस दिन विधान है। साल 2026 में 10 नवंबर को गोवर्धन पूजा है। आइए ऐसे में जान लेते हैं कि गाय के गोबर से बने गोवर्धन पर्वत की परिक्रमा क्यों की जाती है, परिक्रमा की सही दिशा और नियमों के बारे में।
गाय के गोबर से बने गोवर्धन पर्वत की परिक्रमा क्यों करते हैं?
भगवान कृष्ण ने द्वापर युग में इंद्र के प्रकोप से ब्रजवासियों को बचाने के लिए गोवर्धन पर्वत को अपनी कनिष्ठा अंगुलि पर उठा लिया था। 7 दिनों तक ब्रजवासियों को भगवान कृष्ण ने गोवर्धन पर्वत की छाव में रखा था। इसके बाद जब इंद्र देव का अंहंकार चूर-चूर हुआ तो उन्होंने भगवान कृष्ण से माफी मांगी। भगवान कृष्ण ने इसके बाद ब्रजवासियों को गोवर्धन पर्वत की परिक्रमा कर पर्वत का आभार व्यक्त करने के लिए कहा। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, उसी समय से गोवर्धन परिक्रमा की परंपरा चली आ रही है। भगवान कृष्ण को गाय अतिप्रिय है इसलिए गोवर्धन पर्वत का निर्माण भक्त गाय के गोबर से ही करते हैं। सात परिक्रमाएं इसलिए की जाती हैं क्योंकि 7 दिनों तक ब्रजवासी गोवर्धन पर्वत की छांव में रहे थे। माना जाता है कि गोवर्धन पूजा के दिन गोवर्धन पर्वत की परिक्रमा करने से 4 धामों की यात्रा जितना शुभ फल प्राप्त होता है।
परिक्रमा की सही दिशा और जरूरी नियम
गोवर्धन पूजा के दिन गोवर्धन पर्वत की परिक्रमा करते समय आपको दिशा का विशेष ध्यान रखना चाहिए। परिक्रमा हमेशा दक्षिणावर्ती (Clockwise) होनी चाहिए। परिक्रमा के दौरान आपका दाहिना हाथ गोवर्धन पर्वत की ओर होना चाहिए।
एक बार परिक्रमा शुरू करने के बाद 7 परिक्रमा पूरी होने तक गलती से भी रुकना नहीं चाहिए।
परिक्रमा करते समय ‘श्री कृष्ण शरणं मम’ या ‘ॐ नमो भगवते वासुदेवाय’ मंत्र का जप करना चाहिए।
परिक्रमा शुरू करते समय हाथ में जल का एक लोटा आपको लेना चाहिए या फिर खील बताशे भी आप हाथ में रख सकते हैं। परिक्रमा के दौरान जल की धारा या खील बताशे गोवर्धन पर्वत पर अर्पित करते रहें।
इन बातों का भी रखें ध्यान
गोवर्धन पर्वत का निर्माण गाय के गोबर से ही करें।
परिक्रमा और पूजा के बाद भगवान कृष्ण और गोवर्धन पर्वत को प्रसाद जरूर अर्पित करें।
गोवर्धन पूजा के दिन मांस-मदिरा का सेवन गलती से भी न करें।



