



बेमेतरा टेकश्वर दुबे : जिले में फरार आरोपियों और स्थायी वारंटियों की धरपकड़ के लिए बेमेतरा पुलिस का विशेष अभियान लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल (IPS) के निर्देशन में सिटी कोतवाली पुलिस ने न्यायालय से जारी दो स्थायी वारंटों के मामलों में फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के बाद दोनों को न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. हरीश यादव, एसडीओपी बेमेतरा भूषण एक्का, एसडीओपी बेरला रुचि वर्मा और डीएसपी शशिकला उईके के मार्गदर्शन में स्थायी वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है।
इसी अभियान के तहत सिटी कोतवाली बेमेतरा की टीम ने न्यायालय से जारी दो स्थायी वारंटों पर कार्रवाई करते हुए खुमान दास देशलहरे (22 वर्ष), निवासी देवरबीजा और कौशल यादव (42 वर्ष), निवासी मुनरबोड़ को पकड़ा। दोनों संबंधित आपराधिक प्रकरणों में लंबे समय से फरार चल रहे थे।
पुलिस के मुताबिक, खुमान दास देशलहरे के खिलाफ प्रकरण क्रमांक 334/2021 और अपराध क्रमांक 181/2020 में भारतीय दंड संहिता की धारा 294, 506, 323 और 34 के तहत मामला दर्ज था। वहीं, कौशल यादव के खिलाफ प्रकरण क्रमांक 1096/2018 और अपराध क्रमांक 351/2018 में धारा 294, 506 बी, 323 और 325 के तहत मामला दर्ज था।
दोनों आरोपियों को पकड़ने के बाद उनके खिलाफ जारी स्थायी वारंट तामील कराते हुए न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में सिटी कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक सोनल ग्वाला, सहायक उप निरीक्षक दीनानाथ सिन्हा, प्रधान आरक्षक चंद्रशेखर राजपूत, आरक्षक कुसुम लाल कोशले और पुरुषोत्तम कुंभकार सहित सिटी कोतवाली एवं देवरबीजा थाना के पुलिस स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा।




