महासमुंद : छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले से हत्या का एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां डीजे डांस प्रतियोगिता के दौरान दो पक्षों में हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया और एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। वही तीन युवक घायल बताए जा रहे हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर किया चाकू से हमला
यह पूरा मामला खल्लारी थाना क्षेत्र का है। मृतक की पहचान डेनिल दीवान उम्र 22 वर्ष निवासी ग्राम कोमा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि डेनिल अपने साथियों के साथ डीजे डांस देखने के लिए कोल्दा गांव गया था, जहां किसी बात को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर चाकू से हमला कर दिया।
एक युवक की मौत, तीन घायल
इस चाकूबाजी में डेनिल की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं मनीष ,मन्नू और सोमनाथ दीवान घायल हो गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए महासमुंद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
इधर सूचना के बाद खल्लारी पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा। साथ ही घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए कुछ लोगों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ जारी है।




