बेमेतरा टेकेश्वर दुबे : बेमेतरा जिले में डायल-112 सेवा टीम दाढ़ी की सूझबूझ, तत्परता एवं त्वरित कार्रवाई से एक 37 वर्षीय युवक की जान बचाई गई। डायल-112 टीम के जवानों ने परिजनों एवं ग्रामीणों के सहयोग से गंभीर परिस्थिति में युवक को सुरक्षित नीचे उतारकर उसकी जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
आज दिनांक 19 नवंबर 2026 को सुबह 07:40 बजे डायल-112 टीम दाढ़ी को सूचना प्राप्त हुई कि थाना दाढ़ी क्षेत्रांतर्गत ग्राम छिरहा के मल्हा पारा में एक व्यक्ति फांसी लगाकर आत्महत्या करने का प्रयास कर रहा है। उक्त व्यक्ति के हाथ में हंसिया तथा एक बोतल में पेट्रोल एवं माचिस भी है। सूचना मिलते ही डायल-112 टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
मौके पर पहुंचने पर टीम ने देखा कि 37 वर्षीय युवक अपने गले में फांसी का फंदा डाले हुए था तथा उसके हाथ में हंसिया एवं पेट्रोल की बोतल और माचिस थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डायल-112 में तैनात आरक्षक फिरोज साहू एवं चालक शुभम कुमार यादव ने सूझबूझ एवं तत्परता का परिचय देते हुए परिजनों एवं ग्रामीणों के सहयोग से युवक को तत्काल नीचे उतारा और उसकी जान बचाई। इस दौरान थाना दाढ़ी से सहायक उप निरीक्षक रामकुमार दिवाकर भी मौके पर पहुंचे।
ये भी पढ़े :किसानों से लिया व्यवस्थाओं का फीडबैक, सुचारू खरीदी के दिए निर्देश
इस सराहनीय कार्य की जानकारी मिलने पर पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल (भा.पु.से.) ने डायल-112 सेवा में तैनात आरक्षक फिरोज साहू एवं चालक शुभम कुमार यादव सहित पूरी टीम की त्वरित कार्रवाई एवं कर्तव्यनिष्ठा की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग में सेवा करना गर्व के साथ-साथ एक बड़ी जिम्मेदारी भी है। सभी पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी ईमानदारी, अनुशासन एवं निष्ठा के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें तथा आम जनता की सुरक्षा, सेवा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
इसके अतिरिक्त अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. हरीश यादव, एसडीओपी बेमेतरा श्री भूषण एक्का, एसडीओपी बेरला श्रीमती रूचि वर्मा, डीएसपी श्रीमती शशिकला उईके सहित जिले के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारियों तथा सहकर्मियों ने भी डायल-112 टीम के इस सराहनीय एवं मानवीय कार्य की प्रशंसा करते हुए जवानों को शुभकामनाएं दीं।
बेमेतरा पुलिस की आम नागरिकों से अपील है कि सड़क दुर्घटना, अपराध, घरेलू हिंसा, आगजनी अथवा किसी भी प्रकार की आपातकालीन स्थिति में तत्काल 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस सहायता प्राप्त करें। बेमेतरा पुलिस आम जनता की सुरक्षा, सेवा एवं सहायता के लिए चौबीसों घंटे तत्पर है।




