बलौदाबाजार में दिल दहला देने वाली घटना, मां और दो मासूम बच्चों की मौत; जहरीले पदार्थ के सेवन की आशंका

Spread the love

बलौदाबाजार :  छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से इलाके में शोक की लहर फैल गई है। गिरौदपुरी चौकी क्षेत्र के सुकली गांव में एक महिला और उसके दो बच्चों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी में जहरीले पदार्थ के सेवन की आशंका जताई जा रही है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि आखिर तीनों की मौत किन परिस्थितियों में हुई।

मृतकों की पहचान युक्ति मानिकपुरी (28 वर्ष), उनके बेटे चिराग दास मानिकपुरी (10 वर्ष) और दिव्यांश मानिकपुरी (5 वर्ष) के रूप में हुई है।

घर में अचेत मिले मां और दोनों बच्चे

जानकारी के अनुसार, गुरुवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि सुकली गांव में एक ही परिवार के तीन सदस्य घर में अचेत अवस्था में पड़े हैं। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद 108 एंबुलेंस की मदद से तीनों को कसडोल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।

अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद महिला और दोनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर फैलते ही गांव में शोक और सन्नाटा छा गया।

ये भी पढ़े :आदित्य धर ने यामी गौतम को बताया अपना ‘लेडी लक’, बोले- जिंदगी में आने के बाद बदल गई किस्मत; 20 साल के संघर्ष का भी किया जिक्र

जहरीले पदार्थ के सेवन की आशंका

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खोमन सिन्हा के मुताबिक, प्रारंभिक तौर पर मामला जहरीले पदार्थ के सेवन से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। परिजनों ने आशंका जताई है कि महिला ने पहले बच्चों के खाने में जहरीला पदार्थ मिलाया और बाद में खुद भी उसका सेवन कर लिया।

हालांकि, पुलिस ने अभी इस आशंका की पुष्टि नहीं की है। घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगा मौत का कारण

पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि घटना के पीछे क्या परिस्थितियां थीं।

एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से सुकली गांव में शोक का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *