रायपुर : राजधानी रायपुर में नवजात शिशुओं की खरीद-बिक्री के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। आजाद चौक थाना पुलिस ने जितेन्द्र खेतान (36) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, पूर्व में गिरफ्तार आरोपी कृतिका साहू ने एक नवजात बच्ची को जितेन्द्र खेतान को बेचा था। इस मामले में पहले ही छह आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। अब पुलिस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
पूछताछ और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों से सामने आया नाम
पुलिस के अनुसार, थाना आजाद चौक में अपराध क्रमांक 307/2026 के तहत धारा 140(3), 143(4), 318(4) और 61 बीएनएस में मामला दर्ज है। प्रकरण की जांच और पूर्व में गिरफ्तार कृतिका साहू सहित अन्य महिला आरोपियों से पूछताछ के दौरान जितेन्द्र खेतान की भूमिका सामने आई।
जांच में पता चला कि कृतिका साहू ने एक नवजात बच्ची को जितेन्द्र खेतान को बेचा था। प्राप्त जानकारी और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम ने उसकी तलाश कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
वैध दस्तावेज नहीं दे सका आरोपी, बच्ची को सुरक्षित रखा गया
पुलिस ने जितेन्द्र खेतान से नवजात बच्ची के संबंध में वैधानिक दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद बच्ची को बाल कल्याण समिति (CWC) के समक्ष पेश कर विधिवत दस्तयाब किया गया।
बच्ची की सुरक्षा और संरक्षण को ध्यान में रखते हुए उसे मातृछाया में रखा गया है।
अन्य नवजात बच्चों की खरीद-बिक्री के भी मिले संकेत
पुलिस की विस्तृत पूछताछ और विवेचना में जितेन्द्र खेतान द्वारा अन्य नवजात शिशुओं की खरीद-बिक्री किए जाने से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्य भी सामने आए हैं। पुलिस के मुताबिक, इस अवैध गतिविधि को गीतिका नाग और कृतिका साहू के माध्यम से अंजाम दिए जाने की जानकारी मिली है।
इन तथ्यों के आधार पर पुलिस अन्य बच्चों की खरीद-बिक्री, आरोपियों के आपसी संपर्क और पूरे नेटवर्क में शामिल लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान
जितेन्द्र खेतान (36 वर्ष), पिता सज्जन खेतान, निवासी आशियाना अपार्टमेंट, थाना कबीर नगर, रायपुर।
पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




