जहां कभी घने जंगलों के बीच शुरू हुई थी वैराग्य की यात्रा, उसी देवस्थल पर ग्रामवासियों के आमंत्रण पर पहुंचे संत; धार्मिक और पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की जगी उम्मीद
परमेश्वर राजपूत, गरियाबंद / छुरा : विकासखंड छुरा अंतर्गत ग्राम हीराबतर में कार्तिक पूर्णिमा का पर्व इस वर्ष विशेष धार्मिक आस्था, उत्साह और भावुक कर देने वाली यादों के साथ मनाया गया। इस अवसर पर गांव में स्थित पहाड़ी के समीप प्राचीन देवस्थल पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी। ग्रामीणों ने स्नान कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और गांव की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। लेकिन इस वर्ष के आयोजन का सबसे भावुक और विशेष क्षण तब देखने को मिला, जब करीब 25 वर्ष पूर्व इसी स्थान से वैराग्य जीवन की शुरुआत करने वाले संत अंजनीनंदन शरण ग्रामवासियों के आमंत्रण पर पुनः अपनी पुरानी तपस्थली पहुंचे।
ग्राम हीराबतर की पहाड़ी के समीप स्थित इस देवस्थल की अपनी अलग धार्मिक पहचान और मान्यता है। यहां एक पत्थर पर पदचिह्न जैसी आकृति अंकित है, जिसे स्थानीय ग्रामीण भगवान खोज के रूप में श्रद्धा और विश्वास के साथ पूजते हैं। ग्रामीणों के अनुसार यह पदचिह्न कितने वर्षों पुराना है, इसकी सटीक जानकारी किसी के पास नहीं है, लेकिन पीढ़ियों से इस स्थान के प्रति लोगों की आस्था बनी हुई है।
घने जंगलों के बीच शुरू हुई थी वैराग्य की यात्रा
इस धार्मिक स्थल की पहचान करीब 25 वर्ष पहले उस समय और अधिक बढ़ी, जब गांव के एक नवयुवक के मन में वैराग्य का भाव जागृत हुआ। सांसारिक जीवन से विरक्त होकर उन्होंने इसी पहाड़ी के नीचे घने जंगलों के बीच स्थित इस देवस्थल को अपना आश्रय बनाया और कई वर्षों तक साधना एवं एकांत जीवन व्यतीत किया। उस दौरान गांव के लोग उनसे मिलने, दर्शन करने और पूजा-अर्चना के लिए इस स्थान पर पहुंचते थे।बाद में वे सिरकट्टी आश्रम के सानिध्य में गुरुदेव के आश्रम पहुंचे। इसके पश्चात उन्होंने कई वर्षों तक अयोध्या सहित देश के विभिन्न धार्मिक स्थलों में समय बिताया। आध्यात्मिक साधना और धार्मिक जीवन की इसी यात्रा के बाद वे संत अंजनीनंदन शरण के रूप में ग्राम कुड़ेरादादर स्थित आश्रम में रहने लगे।
25 साल बाद पुरानी तपस्थली पर लौटे संत, भावुक हुए ग्रामीण
समय का पहिया घूमता रहा और देखते ही देखते लगभग 25 वर्ष बीत गए। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर जब ग्रामवासियों ने संत अंजनीनंदन शरण को उनके उसी पुराने साधना स्थल पर पहुंचने का आमंत्रण दिया, तो वे भी गांव के लोगों के आग्रह पर वहां पहुंचे।करीब ढाई दशक बाद अपने बीच संत को उसी स्थान पर देखकर ग्रामीण भावुक हो उठे। पुराने दिनों की यादें ताजा हो गईं। जिन ग्रामीणों ने कभी उन्हें इसी पहाड़ी के नीचे साधना करते देखा था, उनके लिए यह पल बेहद भावुक और अविस्मरणीय रहा। स्वयं संत अंजनीनंदन शरण भी अपनी वैराग्य यात्रा की शुरुआत वाले स्थान पर पहुंचकर काफी भावुक नजर आए। यह मिलन केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि गांव की पुरानी स्मृतियों, आस्था और आध्यात्मिक परंपरा का अनूठा संगम बन गया।
धार्मिक स्थल के साथ पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की पहल
इस अवसर पर समस्त ग्रामवासियों ने एकजुट होकर कार्तिक पूर्णिमा की पूजा-अर्चना की। दिनभर धार्मिक वातावरण बना रहा। वहीं रात्रि में भजन-कीर्तन कार्यक्रम का आयोजन भी किया जा रहा है, जिसमें ग्रामीण श्रद्धा और उत्साह के साथ शामिल हो रहे हैं।इस दौरान संत अंजनीनंदन शरण ने इस स्थान को महत्वपूर्ण धार्मिक स्थल बताते हुए कहा कि यहां आध्यात्मिक और प्राकृतिक दृष्टि से काफी संभावनाएं हैं। यह स्थान पर्यटन की दृष्टि से भी बेहद अच्छा है। समय के साथ ग्रामवासी और हम सभी मिलकर इस स्थल को एक व्यवस्थित धार्मिक स्थल एवं पर्यटन केंद्र के रूप में संवारने का प्रयास करेंगे।
ग्राम हीराबतर की यह पहल ग्रामीण आस्था, आध्यात्मिक विरासत और अपनी सांस्कृतिक पहचान को सहेजने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। यदि ग्रामवासी सामूहिक प्रयास करें और प्रशासन का सहयोग मिले, तो पहाड़ी के समीप स्थित यह प्राचीन देवस्थल आने वाले समय में धार्मिक पर्यटन के नए केंद्र के रूप में पहचान बना सकता है। कार्तिक पूर्णिमा पर 25 वर्षों बाद संत अंजनीनंदन शरण की अपनी पुरानी तपस्थली पर वापसी ने इस स्थान को एक नई पहचान और नई उम्मीद दे दी है।




