रायगढ़ : जिले के घरघोड़ा क्षेत्र में शासकीय भूमि पर अतिक्रमण की जांच करने पहुंचे पटवारी के साथ मारपीट और गाली-गलौज का मामला सामने आया है। आरोप है कि निर्माण कार्य रोकने की समझाइश देने पर दो भाइयों ने पटवारी के साथ दुर्व्यवहार करते हुए हाथ-मुक्कों और डंडे से हमला किया। शिकायत के बाद घरघोड़ा पुलिस ने दोनों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि दूसरा अभी फरार है।
शासकीय जमीन पर शेड निर्माण की जांच करने पहुंचे थे पटवारी
पुलिस के अनुसार, पटवारी शिवानंद गिरी (37 वर्ष) ने 24 नवंबर 2026 को घरघोड़ा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। वह पटवारी हल्का नंबर 08, ग्राम रायकेरा में पदस्थ हैं। तहसीलदार के निर्देश पर वह ग्राम तिलाईपाली और रायकेरा क्षेत्र के ग्राम नयारामपुर में एनटीपीसी द्वारा आरक्षित स्कूल मैदान के पास स्थित शासकीय भूमि पर कथित अतिक्रमण की जांच और मौका निरीक्षण करने पहुंचे थे।
इस दौरान स्थानीय निवासी खगेश्वर गुप्ता भी उनके साथ मौजूद थे। निरीक्षण में पाया गया कि तिलाईपाली निवासी प्यारीलाल गुप्ता उर्फ गांधी द्वारा संबंधित भूमि पर शेड का निर्माण कराया जा रहा था। पटवारी ने जांच पूरी होने तक एक-दो दिन निर्माण कार्य रोकने की समझाइश दी। तहसीलदार ने भी फोन पर संबंधित व्यक्ति को समझाने का प्रयास किया, लेकिन विवाद बढ़ गया।
पटवारी पर हाथ-मुक्कों और डंडे से हमला करने का आरोप
शिकायत के मुताबिक, पटवारी जब मौके से लौटने लगे तो प्यारीलाल गुप्ता ने गाली-गलौज शुरू कर दी और हाथ-मुक्कों तथा डंडे से मारपीट की। आरोप है कि इसी दौरान उसका बड़ा भाई विजय गुप्ता भी वहां पहुंचा और उसने भी पटवारी के साथ मारपीट की।
पटवारी ने आरोप लगाया कि दोनों ने उनके शासकीय कर्मचारी होने की जानकारी के बावजूद सरकारी काम में बाधा पहुंचाई और अभद्र व्यवहार किया।
एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा फरार
घटना की शिकायत पर घरघोड़ा पुलिस ने अपराध क्रमांक 366/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 223, 132, 296, 351(3), 115(2) और 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस ने 25 नवंबर को आरोपियों की तलाश में दबिश दी और विजय गुप्ता (53 वर्ष), निवासी ग्राम रायकेरा, थाना घरघोड़ा, को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी की प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। वहीं, दूसरे आरोपी प्यारीलाल गुप्ता उर्फ गांधी की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
शासकीय कार्य में बाधा डालने वालों पर कार्रवाई की चेतावनी
रायगढ़ एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा है कि शासकीय कार्यों के निर्वहन में बाधा डालने तथा शासकीय सेवकों के साथ दुर्व्यवहार या मारपीट करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना और शासकीय कार्यों का सुचारू संचालन सुनिश्चित करना पुलिस की प्राथमिकता है।




