भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर बेरला में आयोजित हुआ जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम, मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए विधायक दीपेश साहू

Spread the love

बेमेतरा टेकेश्वर दुबे : धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा जी की जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर नगर पंचायत बेरला में गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बेमेतरा विधायक श्री दीपेश साहू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर विधायक श्री साहू सहित उपस्थित अतिथियों एवं जनप्रतिनिधियों ने भगवान बिरसा मुंडा जी के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक दीपेश साहू ने कहा कि धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा जी केवल जनजातीय समाज के महानायक ही नहीं, बल्कि संपूर्ण देश के स्वाभिमान, साहस, संघर्ष और स्वतंत्रता चेतना के अमर प्रतीक हैं। उन्होंने अपने अल्प जीवन में अंग्रेजी हुकूमत के अत्याचार, शोषण और अन्याय के विरुद्ध जनजातीय समाज को संगठित कर ऐतिहासिक संघर्ष का नेतृत्व किया। जल, जंगल और जमीन की रक्षा के साथ अपनी संस्कृति, परंपरा, अस्मिता एवं अधिकारों के संरक्षण के लिए उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।

ये भी पढ़े :धान खरीदी केंद्र कंतेली में किसान लोकराम वर्मा ने बेचा 281 कट्टा धान, सुगम व्यवस्था से हुए संतुष्ट

विधायक श्री साहू ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा जी का त्याग, बलिदान और संघर्ष हमें अपने अधिकारों, स्वाभिमान और मातृभूमि की रक्षा के लिए सदैव प्रेरित करता है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, संस्कृति और महापुरुषों के योगदान को सम्मान दिलाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। भगवान बिरसा मुंडा जी की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाया जाना इसी सम्मान और गौरव का प्रतीक है। जनजातीय समाज की शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

समाज की मांग पर विधायक ने की घोषणा

कार्यक्रम के दौरान जनजातीय समाज के प्रतिनिधियों द्वारा क्षेत्र एवं समाज के हित से जुड़ी मांगें विधायक श्री दीपेश साहू के समक्ष रखी गईं। विधायक श्री साहू ने समाज की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए उनके निराकरण के लिए आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया तथा समाज की ओर से रानी दुर्गावती की मूर्ति स्थापना की मांग रखी गई थी जिस पर विधायक दीपेश साहू ने तत्काल 10 लख रुपए की घोषणा की। उन्होंने कहा कि समाज की आवश्यकताओं और क्षेत्र के विकास से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।

विधायक दीपेश साहू ने कहा कि समाज के महापुरुषों के आदर्शों को आत्मसात करते हुए हमें शिक्षा, सामाजिक एकता और विकास के मार्ग पर आगे बढ़ना चाहिए। भगवान बिरसा मुंडा जी के विचार और आदर्श आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बने रहेंगे।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से अनेक जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, समाज के प्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *