अजिंक्य रहाणे ने क्रिकेट को कहा अलविदा, संन्यास का ऐलान करते हुए छलक पड़े आंसू

Spread the love

नई दिल्ली :  भारतीय क्रिकेट टीम के अनुभवी बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के साथ-साथ इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) से भी संन्यास लेने का ऐलान कर दिया है। सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक भावुक वीडियो में रहाणे ने अपने फैसले की जानकारी दी। इस दौरान वह भावुक हो गए और अपनी बात कहते-कहते उनकी आंखें नम हो गईं।

रहाणे ने कहा, “हर चीज का एक सही समय होता है। मुझे लगता है कि अब मेरे रिटायरमेंट का सही समय आ गया है। मैंने इस खेल को अपना सबकुछ दिया, जितना मैं दे सकता था।”

उन्होंने अपने क्रिकेट सफर को याद करते हुए BCCI, मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (MCA), अपने कोच, साथी खिलाड़ियों, सभी IPL फ्रेंचाइजियों, पत्नी और परिवार का आभार जताया। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों में परिवार हमेशा उनके साथ मजबूती से खड़ा रहा।

ये भी पढ़े :Meta ने मानी बड़ी चूक! PM मोदी का वीडियो हटाने के बाद सरकार को दिया नया भरोसा, VIP पोस्ट पर रहेगा खास फोकस

ऑस्ट्रेलिया में ऐतिहासिक टेस्ट सीरीज जीत दिलाई

रहाणे ने भारत के लिए 6 टेस्ट मैचों में कप्तानी की, जिसमें टीम ने 4 मुकाबले जीते और 2 ड्रॉ रहे। उनकी कप्तानी में भारत ने 2021 में ऑस्ट्रेलिया को उसी की धरती पर हराकर ऐतिहासिक बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी अपने नाम की थी, जिसे भारतीय क्रिकेट इतिहास की सबसे बड़ी उपलब्धियों में गिना जाता है।

शानदार रहा अंतरराष्ट्रीय करियर

38 वर्षीय रहाणे ने 2011 में वनडे और टी20, जबकि 2013 में टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण किया था। उन्होंने अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला जुलाई 2023 में खेला था।

अपने करियर में रहाणे ने:

85 टेस्ट – 5077 रन, 12 शतक

90 वनडे – 2962 रन, 3 शतक

20 टी20 अंतरराष्ट्रीय – 375 रन

वनडे टीम से वह 2018 के बाद और टी20 टीम से 2016 के बाद बाहर हो गए थे। इसके बावजूद उन्होंने घरेलू क्रिकेट और IPL में लगातार शानदार प्रदर्शन जारी रखा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *