गरियाबंद : छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में पिछले 50 घंटे से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने विकास कार्यों को बड़ा झटका दिया है। उदंती नदी पर ओडिशा सरकार की ओर से बनाया जा रहा करीब 9 करोड़ रुपये का निर्माणाधीन पुल तेज बहाव में भरभराकर ढह गया। यह पुल गरियाबंद जिले के अमलीगांव को ओडिशा के चार गांवों से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग बनने वाला था।
ये भी पढ़े :अब नाबालिग चला रहे वाहन तो अभिभावकों पर होगी कार्रवाई! कोरिया पुलिस का बड़ा अभियान शुरू
लगातार हो रही बारिश के कारण उदंती नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया। नदी के तेज बहाव का दबाव निर्माणाधीन पुल नहीं झेल सका और देखते ही देखते उसका एक बड़ा हिस्सा ढह गया। घटना के बाद निर्माण कार्य पूरी तरह प्रभावित हो गया है।
यह पुल क्षेत्र के ग्रामीणों के लिए आवागमन और व्यापार की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा था। पुल गिरने से परियोजना को बड़ा नुकसान पहुंचा है। राहत की बात यह रही कि हादसे के समय पुल पर कोई मौजूद नहीं था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
प्रशासन और संबंधित विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन कर रहे हैं। पुल ढहने के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है।

