बेमेतरा 08 अगस्त 2026 : आगामी पर्व-त्योहारों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को जिला मुख्यालय स्थित पुराने रेस्ट हाउस में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था, यातायात, बिजली, स्वास्थ्य, स्वच्छता और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा की गई।
बैठक कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं और पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल के निर्देशन में हुई। इसमें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. हरीश यादव, अपर कलेक्टर प्रकाश भारद्वाज, एसडीओपी भूषण एक्का सहित पुलिस-प्रशासन के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, समाज प्रमुख और जिले के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
डीजे और तेज आवाज वाले साउंड सिस्टम पर सख्ती
बैठक में एएसपी डॉ. हरीश यादव ने स्पष्ट किया कि आगामी पर्व-त्योहारों के दौरान डीजे बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। निर्धारित नियमों का उल्लंघन कर तेज आवाज में साउंड सिस्टम बजाने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहेगा और कानून-व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जाएगी। साथ ही नागरिकों से किसी भी तरह की अफवाह पर भरोसा नहीं करने और समस्या होने पर तत्काल पुलिस या प्रशासन को सूचना देने की अपील की गई।
सड़क पर नहीं बनेंगे पूजा पंडाल
बैठक में पूजा पंडालों को लेकर भी महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए गए। सड़कों पर पंडाल नहीं बनाए जाएंगे, ताकि यातायात और आम लोगों की आवाजाही प्रभावित न हो।
इसके अलावा केवल मिट्टी से बनी प्रतिमाओं की स्थापना की अनुमति होगी। पूजा पंडालों की सुरक्षा की जिम्मेदारी आयोजन समितियों की होगी और प्रत्येक पंडाल के लिए अस्थायी बिजली कनेक्शन लेना अनिवार्य रहेगा।
गरबा और आर्केस्ट्रा के लिए लेनी होगी अनुमति
त्योहारों के दौरान गरबा और आर्केस्ट्रा जैसे कार्यक्रमों के आयोजन के लिए एसडीएम से पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य किया गया है। आयोजन समिति के अध्यक्ष और सदस्यों की सूची संबंधित थाने में उपलब्ध करानी होगी।
बिजली, पानी, यातायात और स्वास्थ्य व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश
अपर कलेक्टर प्रकाश भारद्वाज ने कहा कि बेमेतरा की पहचान सामाजिक समरसता और भाईचारे के लिए रही है। उन्होंने संबंधित विभागों को त्योहारों के दौरान पेयजल, बिजली, यातायात, स्वास्थ्य सेवाओं और स्वच्छता की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को परेशानी न हो।
इन प्रमुख त्योहारों को लेकर हुई चर्चा
बैठक में हरेली, ईद-ए-मिलाद, रक्षाबंधन, कांवर यात्रा, कृष्ण जन्माष्टमी, गणेश चतुर्थी, दुर्गा उत्सव, दशहरा और दीपावली समेत आगामी पर्व-त्योहारों को लेकर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई।
उपद्रव और हुड़दंग करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
जिला प्रशासन और पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सभी पर्व-त्योहार शांति, सौहार्द्र और आपसी भाईचारे के साथ मनाएं। प्रशासन ने साफ किया है कि त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बिगाड़ने, उपद्रव या हुड़दंग करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन का संदेश साफ है—त्योहार खुशी और भाईचारे के साथ मनाएं, लेकिन नियमों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

