धमतरी:जिले के कुरुद स्थित एसडीएम कार्यालय में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने रिश्वतखोरी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक बाबू को 10 हजार रुपये लेते रंगे हाथ पकड़ा है। आरोपी की पहचान कार्यालय में पदस्थ पुनेश्वर सूर्यवंशी के रूप में हुई है। कार्रवाई के बाद एसडीएम कार्यालय में हड़कंप की स्थिति बन गई।
जमीन डायवर्सन की फाइल के लिए मांगी थी रिश्वत
जानकारी के मुताबिक, एक जमीन कारोबारी की जमीन के डायवर्सन से संबंधित फाइल कुरुद एसडीएम कार्यालय में लंबित थी। आरोप है कि फाइल को आगे बढ़ाने और डायवर्सन की प्रक्रिया पूरी कराने के एवज में बाबू पुनेश्वर सूर्यवंशी ने कारोबारी से 20 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी।
बातचीत के बाद कथित तौर पर 10 हजार रुपये में सौदा तय हुआ। इसके बाद जमीन कारोबारी ने पूरे मामले की शिकायत एसीबी से कर दी।
शिकायत मिलते ही ACB ने बनाया ट्रैप
शिकायत प्राप्त होने के बाद एसीबी ने पहले मामले का सत्यापन किया। शिकायत सही पाए जाने के बाद टीम ने आरोपी को रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ने की योजना बनाई।
ये भी पढ़े :छत्तीसगढ़ में 7 पुलिस अफसरों का तबादला, CM और राजभवन सुरक्षा में भी बड़ा फेरबदल
योजना के तहत शिकायतकर्ता को रिश्वत की रकम लेकर आरोपी बाबू के पास भेजा गया। जैसे ही पुनेश्वर सूर्यवंशी ने 10 हजार रुपये स्वीकार किए, मौके पर मौजूद एसीबी की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ लिया।
कार्रवाई के दौरान रिश्वत की रकम भी बरामद किए जाने की जानकारी सामने आई है।
SDM कार्यालय में दस्तावेजों की जांच
बाबू को हिरासत में लेने के बाद एसीबी की टीम उससे पूछताछ कर रही है। साथ ही टीम द्वारा एसडीएम कार्यालय में रिश्वत प्रकरण से जुड़े दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।
फिलहाल मामले में एसीबी की कार्रवाई जारी है। आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई जांच में सामने आने वाले तथ्यों और प्रक्रिया के आधार पर की जाएगी।




