गरियाबंद के आदिवासी छात्रावास में हादसा: गर्म दाल से दो छात्र झुलसे, परीक्षा से भी हुए वंचित

Spread the love

गरियाबंद : जिले के मदनपुर स्थित आदिवासी छात्रावास में दो छात्रों के झुलसने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि रसोई कक्ष में गर्म दाल का कूकर खोलते समय हुए हादसे में कक्षा 9वीं में पढ़ने वाले ओंकार ध्रुव और मुरली झुलस गए। घटना के बाद छात्रावास प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।

कूकर खोलते समय हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक घटना 19 सितंबर की है। दोनों छात्र भूख लगने पर रसोई कक्ष की ओर गए थे। इसी दौरान दाल से भरे कूकर को खोलते समय गर्म दाल गिर गई। हादसे में दोनों छात्रों के हाथ, पैर और चेहरे पर झुलसने की चोटें आईं।

घटना के बाद दोनों का उपचार जिला अस्पताल में कराया गया। हालांकि, आरोप है कि हादसे की जानकारी तत्काल परिजनों को नहीं दी गई और छात्रों को अस्पताल से लौटने के बाद बेड रेस्ट कराया जाता रहा।

हादसे के चलते परीक्षा से हुए वंचित

घटना के बाद दोनों छात्र अपनी त्रैमासिक परीक्षा में भी शामिल नहीं हो सके। बताया जा रहा है कि बाद में छात्रों ने खुद अपने पालकों को फोन कर घटना की जानकारी दी, जिसके बाद मामला सामने आया।

ये भी पढ़े :परिणीति चोपड़ा फिर लगाएंगी सस्पेंस का तड़का, ‘रिपोर्टिंग लाइव’ में भिड़ेंगी बेरहम रेत माफिया से

वर्तमान में दोनों छात्रों का उपचार उनके परिजन घर पर करा रहे हैं।

रसोइयों की मौजूदगी में हादसा कैसे हुआ?

इस घटना ने छात्रावास प्रबंधन की व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि रसोइयों के मौजूद रहने के बावजूद छात्र रसोई कक्ष में किस परिस्थिति में पहुंचे और गर्म दाल से झुलसने की घटना कैसे हुई?

वहीं, आरोप यह भी है कि विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों को घटना की जानकारी होने के बावजूद अब तक मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इसे लेकर मामले को दबाने या लीपापोती किए जाने की बात भी सामने आ रही है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

लापरवाही करने वालों पर कार्रवाई की मांग

घायल छात्रों के परिजनों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जिम्मेदार लोगों की भूमिका की जांच और लापरवाही सामने आने पर कार्रवाई की मांग की है। अब देखना होगा कि विभाग इस पूरे मामले की जांच कर क्या कदम उठाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *