कोरबा के बाल संप्रेक्षण गृह से फिर फरार हुआ अपचारी बालक, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

Spread the love

कोरबा :  छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में स्थित कोडिया बाल संप्रेक्षण गृह से एक बार फिर अपचारी बालक के फरार होने का मामला सामने आया है। शनिवार सुबह जवानों के काम में व्यस्त होने के दौरान बालक चैनल गेट खोलकर भाग निकला। घटना का पता गिनती के दौरान चला, जिसके बाद परिसर में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी है।

चोरी के मामले में 27 सितंबर को लाया गया था बालक

जानकारी के अनुसार, पोंडीबहार निवासी बालक को चोरी के मामले में 27 सितंबर को कोडिया स्थित बाल संप्रेक्षण गृह में दाखिल कराया गया था। शनिवार सुबह मुख्य द्वार खुलने के बाद वहां तैनात जवान अपने काम में व्यस्त हो गए। इसी दौरान बालक ने मौके का फायदा उठाया और चैनल गेट खोलकर फरार हो गया।

गिनती के दौरान चला फरारी का पता

बाल संप्रेक्षण गृह में बालकों की गिनती के दौरान एक बालक के गायब होने की जानकारी सामने आई। इसके बाद सीएसईबी चौकी पुलिस को सूचना दी गई और उसकी तलाश शुरू की गई।

सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी के मुताबिक, फरार बालक की तलाश के लिए उसके घर और रिश्तेदारों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस संभावित ठिकानों पर भी पतासाजी कर रही है।

ये भी पढ़े :डिप्टी CM अरुण साव चोटिल, पैर में बांधा गया कच्चा प्लास्टर; सभी कार्यक्रम रद्द

पहले भी सामने आ चुकी हैं फरारी की घटनाएं

कोडिया स्थित बाल संप्रेक्षण गृह से बालकों के फरार होने की यह पहली घटना नहीं बताई जा रही है। इससे पहले भी यहां से बालकों के भागने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।

बार-बार हो रही ऐसी घटनाओं के बीच संप्रेक्षण गृह की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। ताजा घटना के बाद यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि सुरक्षा में चूक किन परिस्थितियों में हुई और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।

फिलहाल पुलिस फरार बालक की तलाश में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *