पटवारियों की हड़ताल पर मंत्री टंकराम वर्मा का बड़ा बयान, धान खरीदी से पहले दी ये नसीहत

Spread the love

रायपुर : छत्तीसगढ़ में पटवारियों की हड़ताल, सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण में लापरवाही पर तहसीलदार के निलंबन और SSR अभियान के बहिष्कार को लेकर राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। मंत्री ने पटवारियों की हड़ताल को लेकर कहा कि यह समय बेहद महत्वपूर्ण है, क्योंकि धान खरीदी के लिए गिरदावरी का काम जरूरी है। वहीं उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष का स्वभाव हमेशा विरोध करना है।

राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि वर्तमान समय काफी महत्वपूर्ण है। प्रदेश में धान खरीदी की तैयारियों के बीच गिरदावरी का काम करना भी आवश्यक है। अभी तक पटवारी संघ के साथ उनकी कोई बातचीत नहीं हो पाई है और न ही पटवारी संघ की ओर से बातचीत के लिए कोई आया है। मंत्री ने कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार पर बेवजह आरोप न लगाए। वर्तमान सरकार कांग्रेस की तुलना में अधिक कीमत पर किसानों से धान खरीद रही है।

ये भी पढ़े :कोरबा के बाल संप्रेक्षण गृह से फिर फरार हुआ अपचारी बालक, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

तहसीलदार निलंबित, कामकाज में लापरवाही बर्दाश्त नहीं

सीएम हेल्पलाइन में शिकायतों के निराकरण में लापरवाही के मामले में तहसीलदार प्रमोद कुमार चंद्रवंशी के निलंबन को लेकर भी राजस्व मंत्री ने बयान दिया है। उन्होंने कहा कि निलंबन की कार्रवाई से स्पष्ट संदेश गया है कि सरकारी कामकाज में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सीएम हेल्पलाइन आम लोगों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। इसका उद्देश्य लोगों को घर बैठे उनकी समस्याओं का समाधान उपलब्ध कराना है। अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि वे शिकायतों को गंभीरता से लें और समय पर उनका निराकरण करें।

SSR अभियान के बहिष्कार पर कांग्रेस को घेरा

SSR अभियान को लेकर कांग्रेस द्वारा किए गए बहिष्कार पर भी मंत्री टंकराम वर्मा ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि जो लोग संबंधित क्षेत्र में रहते ही नहीं हैं, उनके नाम मतदाता सूची में क्यों होने चाहिए? ऐसे नाम हटाए जाने चाहिए और गलत तरीके से नाम जुड़ना उचित नहीं है। मंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस का स्वभाव हमेशा विरोध करना है और वह अपने इसी स्वभाव से लाचार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *