बारिश से धान को बचाने प्रशासन अलर्ट, 199 खरीदी केंद्रों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के निर्देश

Spread the love

सभी उपार्जन केंद्रों में कैप कवर, तिरपाल, ड्रेनेज एवं जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश

सभी उपार्जन केंद्रों में कैप कवर, तिरपाल, ड्रेनेज एवं जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश

मौसम में बदलाव और संभावित बारिश को देखते हुए कलेक्टर श्री विनय लंगेह ने जिले के सभी धान उपार्जन केंद्रों में धान की सुरक्षा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं तत्काल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि उपार्जन केंद्रों में खरीदे गए धान को बारिश, तेज हवा, जमीन की नमी और जलभराव से सुरक्षित रखना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके लिए सभी केंद्रों में पर्याप्त कैप कवर, पन्नी एवं तिरपाल की व्यवस्था अनिवार्य रूप से की जाए।

कलेक्टर ने निर्देशित किया है कि खुले में रखे धान के सभी स्टैक को मजबूत रस्सियों से अच्छी तरह बांधा जाए, ताकि तेज हवाओं के कारण तिरपाल एवं कैप कवर उड़ने की स्थिति निर्मित न हो। जमीन से आने वाले पानी और नमी से धान को बचाने के लिए पर्याप्त डनेज की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने सभी उपार्जन केंद्रों के फड़ के चारों ओर जल निकासी की समुचित व्यवस्था करने तथा नालियों की सफाई कराने के निर्देश दिए हैं। किसी भी स्थिति में केंद्रों में पानी का जमाव नहीं होना चाहिए। केंद्र प्रभारी यह सुनिश्चित करें कि बारिश का पानी धान के स्टैक तक न पहुंचे और खरीदे गए धान को किसी प्रकार का नुकसान न हो।

कलेक्टर ने सभी केंद्र प्रभारियों एवं समिति कर्मचारियों को 20 से 22 नवंबर तक अपने मुख्यालय में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर सतत निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखें तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल आवश्यक कार्रवाई करें।

ये भी पढ़े :लिवर को मजबूत रखने के लिए रोजमर्रा की डाइट में करें ये बदलाव, जानें 8 हेल्दी विकल्प

199 केंद्रों में 19,188 क्विंटल धान की खरीदी

जिले में 19 नवंबर तक 202 उपार्जन केंद्रों में से 199 केंद्रों में धान खरीदी प्रारंभ हो चुकी है। इन केंद्रों के माध्यम से अब तक कुल 19,188 क्विंटल धान की खरीदी की जा चुकी है। खरीदे गए धान की सुरक्षित रखरखाव एवं व्यवस्थित भंडारण के लिए प्रशासन द्वारा विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

अवैध धान भंडारण एवं परिवहन पर भी जारी है सख्ती

समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी बनाए रखने के साथ ही अवैध धान भंडारण एवं परिवहन पर भी जिला प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है। इस कार्रवाई में महासमुंद जिला प्रदेश में तीसरे स्थान पर है। अब तक जिले में 3,461 क्विंटल अवैध धान जब्त किया जा चुका है।

उल्लेखनीय है कि मौसम विभाग के अनुसार 21 नवंबर तक चक्रवात ‘अकवान’ के सक्रिय रहने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने धान खरीदी केंद्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का स्पष्ट निर्देश है कि मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद किसानों से खरीदे गए धान की सुरक्षा और उपार्जन व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *