उड़ीसा के नुआपाड़ा से मध्यप्रदेश ले जाया जा रहा था गाँजा, चिल्फी पुलिस की सतर्कता से तस्करी का प्रयास विफल

Spread the love

कवर्धा, चिल्फी टेकेश्वर दुबे : कबीरधाम पुलिस द्वारा जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी एवं परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अंतर्राज्यीय सीमावर्ती क्षेत्रों तथा प्रमुख मार्गों पर लगातार सतर्क निगरानी एवं संदिग्ध वाहनों की सघन जांच की जा रही है। इसी क्रम में थाना चिल्फी पुलिस द्वारा एन.एच.-30 पर की जा रही वाहन जांच के दौरान गाँजा तस्करी के विरुद्ध महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग वाहनों से कुल 18 किलो 460 ग्राम गाँजा बरामद कर चार शातिर गाँजा तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस अधीक्षक कबीरधाम श्री जितेन्द्र कुमार यादव (IPS) द्वारा जिले में अवैध मादक पदार्थों के परिवहन एवं तस्करी पर प्रभावी रोकथाम के लिए सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने, संदिग्ध वाहनों की सघन जांच करने तथा तस्करी में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई करने हेतु सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हेमसागर सिदार एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अमित पटेल के मार्गदर्शन तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी अजाक/क्राइम श्री प्रशांत देवांगन के दिशा-निर्देशन में थाना चिल्फी पुलिस द्वारा अंतर्राज्यीय मार्ग पर विशेष निगरानी एवं वाहन जांच की जा रही थी।

दिनांक 26.09.2026 को थाना चिल्फी के सामने एन.एच.-30 मार्ग पर पुलिस टीम द्वारा संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान आगे पीछे चल रहे वाहन वरना क्रमांक DL4CAQ0755 को रोककर पुलिस टीम द्वारा विधिवत जांच की गई। वाहन में सवार व्यक्तियों से पूछताछ करने पर उन्होंने अपना नाम रविराज सिंह परिहार पिता अरमान सिंह परिहार, उम्र 19 वर्ष, निवासी मेहेंगवा कला, थाना पवई, जिला पन्ना, मध्यप्रदेश तथा सौरभ सिंह बुंदेला पिता नत्थूराजा बुंदेला, उम्र 22 वर्ष, निवासी महेड़ा, थाना पवई, जिला पन्ना, मध्यप्रदेश बताया।

पुलिस टीम द्वारा वाहन की विधिवत तलाशी लेने पर उसमें से 12 किलो 760 ग्राम गाँजा बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपियों द्वारा उक्त गाँजा उड़ीसा के नुआपाड़ा से मध्यप्रदेश के पन्ना की ओर ले जाना बताया गया।

दूसरे अन्य संदिग्ध वाहन मारुति सुजुकी शोल्ड फ्रॉन्क्स, बिना नंबर को भी रोककर जांच की गई। वाहन में सवार व्यक्तियों ने अपना नाम जोगेन्द्र राजा पिता इन्द्रपाल सिंह, उम्र 25 वर्ष, निवासी बुढ़ा, थाना पवई, जिला पन्ना, मध्यप्रदेश तथा केशव राजा पिता पुष्पेन्द्र सिंह, उम्र 22 वर्ष, निवासी बुढ़ा, थाना पवई, जिला पन्ना, मध्यप्रदेश बताया।

ये भी पढ़े :गणपति बप्पा मोरिया के जयघोष से गूंजा पुलिस कॉलोनी परिसर, विधि-विधान से हुआ भगवान श्री गणेश का विसर्जन

उक्त वाहन की विधिवत तलाशी लेने पर पुलिस टीम द्वारा उसमें से 05 किलो 700 ग्राम गाँजा बरामद किया गया।

इस प्रकार गाँजा तस्करी के शातिर 04 आरोपियों के दोनों वाहनों से कुल 18 किलो 460 ग्राम गाँजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 9 लाख 23 हजार रुपये है। दोनों वाहनों में सवार चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की गई।

तस्करी में प्रयुक्त 02 वाहन और 04 नग मोबाइल फोन भी जप्त

गाँजा परिवहन में प्रयुक्त वाहन वरना क्रमांक DL-4C AQ-0755, अनुमानित कीमत 5 लाख रुपये तथा मारुति सुजुकी शोल्ड फ्रॉन्क्स वाहन, अनुमानित कीमत 8 लाख रुपये, एवं 4 नग मोबाइल फ़ोन को पुलिस द्वारा जप्त किया गया है।

इस प्रकार गाँजा एवं दोनों वाहनों व मोबाइल फ़ोन सहित थाना चिल्फी पुलिस द्वारा कुल 22 लाख 53 हजार रुपये कीमत का मशरूका जप्त किया गया है।

जप्त मशरूका-

– गाँजा – 18 किलो 460 ग्राम, अनुमानित कीमत 9 लाख 23 हजार रुपये।
– हुंडई वरना वाहन क्रमांक DL-4C AQ-0755 – अनुमानित कीमत 5 लाख रुपये।
– मारुति सुजुकी शोल्ड फ्रॉन्क्स वाहन – अनुमानित कीमत 8 लाख रुपये।
– 04 नग मोबाइल फ़ोन घटना में प्रयुक्त कीमती 30,000/- रुपये।
– कुल जप्त मशरूका – 22 लाख 53 हजार रुपये।

गाँजा तस्करी से जुड़े अन्य व्यक्तियों एवं नेटवर्क की जांच जारी

थाना चिल्फी पुलिस द्वारा आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 22/2026, धारा 20(B) एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। प्रकरण में गाँजा तस्करी से जुड़े अन्य व्यक्तियों एवं नेटवर्क के संबंध में ए.एन.टी.एफ. टीम कबीरधाम द्वारा भी विस्तृत पूछताछ की जा रही है। प्रकरण की अग्रिम विवेचना थाना चिल्फी पुलिस द्वारा जारी है।

कबीरधाम पुलिस द्वारा अंतर्राज्यीय मार्गों के माध्यम से अवैध मादक पदार्थों के परिवहन एवं तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार निगरानी एवं सघन वाहन जांच की जा रही है। पुलिस की सतर्कता एवं तत्परता से गाँजा तस्करी का प्रयास विफल करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया तथा बड़ी मात्रा में गाँजा एवं तस्करी में प्रयुक्त दो वाहन जप्त किए गए।

कबीरधाम पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थों के कारोबार एवं तस्करी के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी रहेगा। सीमावर्ती एवं अंतर्राज्यीय मार्गों पर पुलिस की निगरानी तथा संदिग्ध वाहनों की जांच को और प्रभावी बनाते हुए मादक पदार्थों के अवैध परिवहन एवं तस्करी में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

उक्त सम्पूर्ण कार्रवाई में वरिष्ठ अधिकारियों के कुशल निर्देशन में थाना चिल्फी प्रभारी निरीक्षक श्री बीरेंद्र वर्मा के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक 351 नरेन नेताम, आरक्षक 164 अमन वाहने, आरक्षक 472 सुनील मरावी, आरक्षक 553 पंकज यादव, आरक्षक 318 जितेन्द्र चन्द्रवंशी एवं अन्य थाना स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *