सक्ती : जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत आबकारी विभाग की टीम ने ग्राम सकरेली (बा), वार्ड क्रमांक 06 में छापामार कार्रवाई करते हुए एक महिला को अवैध महुआ शराब बेचते हुए गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान उसके कब्जे से कुल 7 लीटर अवैध महुआ मदिरा बरामद कर जब्त की गई।
कलेक्टर सक्ती एवं जिला आबकारी अधिकारी के निर्देशानुसार चलाए जा रहे अभियान के तहत 19 अगस्त 2026 को आबकारी वृत्त सक्ती की टीम ने सहायक जिला आबकारी अधिकारी आशीष उप्पल एवं आबकारी उपनिरीक्षक घनश्याम प्रधान के नेतृत्व में ग्राम सकरेली (बा) के वार्ड क्रमांक 06 में कार्रवाई की।
आबकारी विभाग को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम सकरेली (बा) निवासी मीना पति दुजराम द्वारा अवैध रूप से महुआ मदिरा का विक्रय किया जा रहा है। सूचना की पुष्टि के लिए विभागीय टीम ने पहले क्रेता भेजकर शराब बिक्री की पुष्टि की। इसके बाद टीम ने आरोपी महिला के रिहायशी मकान की विधिवत तलाशी ली।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से पीले रंग के 5 लीटर क्षमता वाले जरिकेन में 5 लीटर महुआ मदिरा तथा पारदर्शी प्लास्टिक बोतल में 2 लीटर महुआ मदिरा बरामद हुई। इस तरह कुल 7 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त की गई।
आरोपिया के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से रिमांड प्राप्त होने पर उसे जेल दाखिल किया गया।
इस कार्रवाई में मुख्य आरक्षक रघुनाथ पैकरा, नगर सैनिक वीरेंद्र यादव, आबकारी स्टाफ श्रीमती बसंती चौधरी, कमलेश एवं परस की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। विभाग ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध शराब का निर्माण या बिक्री की जानकारी मिलती है, तो इसकी सूचना संबंधित विभाग को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

