मोदी-बार्ट डी वेवर की मुलाकात में बड़ा फैसला! जोरावर टैंक से लेकर रक्षा सहयोग तक, भारत-बेल्जियम के बीच कई MoU

Spread the love

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बेल्जियम के प्रधानमंत्री बार्ट डी वेवर की मौजूदगी में गुरुवार को नई दिल्ली स्थित हैदराबाद हाउस में भारत और बेल्जियम के बीच कई महत्वपूर्ण समझौते हुए। दोनों देशों ने व्यापार, रक्षा, अहम खनिज, स्वच्छ ऊर्जा और टेक्नोलॉजी समेत कई रणनीतिक क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत करने पर सहमति जताई।

दोनों नेताओं ने साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस में भारत-बेल्जियम संबंधों को नई दिशा देने और आपसी सहयोग का दायरा बढ़ाने पर जोर दिया।

जोरावर टैंक परियोजना का पीएम मोदी ने किया जिक्र

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत और बेल्जियम के बीच रक्षा सहयोग को रिश्तों का महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए जोरावर टैंक परियोजना का विशेष रूप से उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि दोनों देश इस परियोजना पर मिलकर काम कर रहे हैं और इससे भारत-बेल्जियम के रिश्ते और मजबूत होंगे।

रक्षा क्षेत्र में सहयोग का दायरा बढ़ाने पर भी पीएम मोदी ने जोर दिया। भारत लगातार रक्षा उत्पादन में आत्मनिर्भरता बढ़ाने के साथ विदेशी तकनीक और घरेलू क्षमताओं के बेहतर तालमेल पर जोर दे रहा है। ऐसे में बेल्जियम के साथ रक्षा तकनीक और औद्योगिक सहयोग को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

आतंकवाद के खिलाफ मिलकर लड़ने का संदेश

साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि रक्षा और सुरक्षा सहयोग भारत-बेल्जियम संबंधों का एक प्रमुख स्तंभ है। उन्होंने आतंकवाद के खिलाफ दोनों देशों की साझा प्रतिबद्धता पर जोर देते हुए कहा कि आतंकवाद के हर रूप को जड़ से समाप्त करना जरूरी है।

व्यापार और टेक्नोलॉजी समेत कई क्षेत्रों में सहयोग

भारत और बेल्जियम ने व्यापार, अहम खनिज, स्वच्छ ऊर्जा और टेक्नोलॉजी जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई है। दोनों देशों के बीच हुए समझौतों को व्यापक और रणनीतिक संबंधों को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

प्रधानमंत्री मोदी ने भारत की आर्थिक प्रगति का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि पिछली तिमाही में भारत की विकास दर 7.8 प्रतिशत रही और कहा कि देश की आर्थिक तरक्की दुनिया के लिए भरोसे और नए अवसरों का आधार बन रही है।

ये भी पढ़े :छात्रावासों में अब नहीं चलेगी लापरवाही! कलेक्टर जयश्री जैन ने साफ-सफाई, भोजन और बच्चों की सेहत को लेकर दिए सख्त निर्देश

भारत-EU FTA को बेल्जियम के पीएम ने बताया बड़ी उपलब्धि

बेल्जियम के प्रधानमंत्री बार्ट डी वेवर ने भारत और यूरोपीय संघ के बीच मुक्त व्यापार समझौते को बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि भारत और बेल्जियम के रिश्ते अब पहले की तुलना में कहीं अधिक व्यापक और रणनीतिक हो रहे हैं।

उन्होंने दोनों देशों के बीच आर्थिक और रणनीतिक सहयोग को और आगे बढ़ाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

यूक्रेन और पश्चिम एशिया के संघर्ष पर भी बोले पीएम मोदी

वैश्विक संघर्षों पर भारत के रुख को दोहराते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि चाहे यूक्रेन हो या पश्चिम एशिया, भारत संघर्षों को जल्द समाप्त करने और शांति स्थापित करने के सभी प्रयासों का समर्थन करता है।

पीएम मोदी का यह बयान ऐसे समय में आया है जब दुनिया के कई हिस्से गंभीर संघर्षों और तनाव का सामना कर रहे हैं। भारत ने एक बार फिर बातचीत, कूटनीति और शांति के प्रयासों के समर्थन की अपनी नीति को सामने रखा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *