भालुओं का खूनी हमला: खेत गए किसान पर टूट पड़े दो भालू, गंभीर घायल को कंधे पर नदी पार कराकर पहुंचाया एंबुलेंस तक

Spread the love

गरियाबंद : जिले के बिन्द्रानवागढ़ विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कामेपुर भैंसामुड़ा में सोमवार सुबह भालुओं के हमले से एक किसान गंभीर रूप से घायल हो गया। खेत की देखरेख के लिए निकले स्थानीय युवा किसान धनसाय नागेश पर अचानक दो भालुओं ने हमला कर दिया। हमले में धनसाय को गंभीर चोटें आई हैं।

जानकारी के मुताबिक, धनसाय नागेश रोज की तरह सोमवार सुबह खेत की ओर गए थे। इसी दौरान जंगल क्षेत्र के पास मौजूद दो भालुओं ने अचानक उन पर हमला कर दिया। भालुओं के हमले से किसान ने शोर मचाया और किसी तरह संघर्ष कर अपनी जान बचाई। इसके बाद दोनों भालू जंगल की ओर भाग गए।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने तत्काल 108 संजीवनी एक्सप्रेस को सूचना दी। एंबुलेंस मैनपुर से गांव के लिए रवाना हुई, लेकिन रास्ते में पड़ने वाली बड़ी नदी में तेज बहाव और पानी अधिक होने के कारण एंबुलेंस गांव तक नहीं पहुंच सकी।

ये भी पढ़े :18 दिन पहले चर्च में शादी का आवेदन, घर में चल रही थी तैयारियां… प्रेमिका ने रिश्ता तोड़ा तो डॉक्टर ने लगा ली फांसी

इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाई। घायल धनसाय को स्ट्रेचर के सहारे कंधे पर उठाकर ग्रामीणों ने तेज बहाव वाली नदी पार कराई। नदी पार कराने के बाद घायल को 108 महतारी एक्सप्रेस एंबुलेंस तक पहुंचाया गया। वहां से उन्हें तत्काल जिला अस्पताल गरियाबंद ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

वन विभाग की टीम पहुंची, राहत राशि देने की तैयारी

वन परिक्षेत्र अधिकारी सोरी ने बताया कि युवक पर दो भालुओं ने हमला किया है। घायल का जिला अस्पताल गरियाबंद में उपचार चल रहा है। घटना की सूचना के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई है। विभाग की ओर से पीड़ित को तत्काल राहत राशि उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जा रही है।

घटना के बाद क्षेत्र के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से भालुओं के आतंक से निजात दिलाने के लिए आवश्यक कदम उठाने और पीड़ित किसान को उचित मुआवजा देने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *