दंतेवाड़ा: कुआकोंडा थाना क्षेत्र में गाय चराने की बात को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। विवाद के दौरान एक युवक पर लोहे के टंगिया से गले और सिर पर कथित रूप से जानलेवा हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले में कुआकोंडा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, घटना कुआकोंडा थाना क्षेत्र के गढ़मिरी अन्दोड़ीपारा की है। यहां गाय चराने की बात को लेकर भीमा मरकाम और सुखराम मरकाम के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि विवाद के दौरान भीमा मरकाम ने सुखराम मरकाम पर लोहे के टंगिया से गले और सिर पर हमला कर दिया।
हमले में सुखराम गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया। परिजनों ने तत्काल उसे कुआकोंडा अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जिला अस्पताल दंतेवाड़ा रेफर किया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
24 घंटे के भीतर आरोपी गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलने के बाद कुआकोंडा पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी भीमा मरकाम को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार मामले में थाना कुआकोंडा में अपराध क्रमांक 40/2026 दर्ज कर धारा 109(1) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है।
गिरफ्तार आरोपी को 6 सितंबर 2026 को न्यायालय दंतेवाड़ा में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
पुलिस अधीक्षक चन्द्रमोहन सिंह (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र खूंटे के मार्गदर्शन और एसडीओपी किरंदुल अविनाश ठाकुर के पर्यवेक्षण में कार्रवाई की गई।
इस कार्रवाई में निरीक्षक भीमार्जुन नाथ ताण्डी, सउनि संतोष यादव, सउनि राजेश मंडावी, सउनि प्यारास मिंज, सउनि पाथरे, प्रधान आरक्षक मनोज पुनेम, आरक्षक बामन, मंटू, देवा मुचाकी, श्यामलाल अटामी और महिला आरक्षक पूजा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कुआकोंडा पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए आरोपियों के खिलाफ लगातार त्वरित और प्रभावी वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।




