डॉ. महंत की अनुशंसा पर सक्ती, बम्हनीडीह और बलौदा क्षेत्र में 1.05 करोड़ के CC रोड स्वीकृत, ग्रामीणों की मांग को मिली बड़ी सौगात

Spread the love

सक्ती :  नेता प्रतिपक्ष एवं सक्ती विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. चरणदास महंत की अनुशंसा पर विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में सड़क निर्माण के लिए बड़ी राशि स्वीकृत की गई है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में अधोसंरचना विकास एवं पर्यावरण उपकर निधि के तहत राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग, छत्तीसगढ़ शासन द्वारा सक्ती, बम्हनीडीह और बलौदा विकासखंड के विभिन्न ग्राम पंचायतों में कुल 1 करोड़ 5 लाख रुपये के सीसी रोड कार्यों को मंजूरी दी गई है।

जिला कलेक्टर कार्यालय के प्रतिनिधि गिरधर जायसवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि डॉ. चरणदास महंत के विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों के दौरे के दौरान पोलिंग बूथ, मंडल एवं पंचायत कमेटियों, पंचायत प्रतिनिधियों, कांग्रेस कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों द्वारा विभिन्न स्थानों पर सड़क निर्माण की मांग रखी गई थी। ग्रामीणों की मांग को ध्यान में रखते हुए इन कार्यों के लिए शासन स्तर से स्वीकृति प्रदान की गई है।

ये भी पढ़े :जन्माष्टमी पर रायपुर में दिखेगा भक्ति का भव्य रंग, इस्कॉन मंदिर में 3 दिवसीय महा-महोत्सव

स्वीकृति के अनुसार विकासखंड सक्ती के ग्राम जाजंग, सकरेली बा, सेंदरी, धनपुर, किरारी, सपनाईपाली, डड़ई, बोरदा, कुरदा, सोनगुड़ा, सकरेली खुर्द, पुटकेला, पतेरापाली खुर्द, सोंठी एवं हरेठी ग्राम पंचायतों में विभिन्न स्थानों पर सीसी रोड निर्माण के लिए राशि स्वीकृत की गई है।

इसी तरह बम्हनीडीह विकासखंड के ग्राम हथनेवरा, सोंठी एवं परसापाली तथा बलौदा विकासखंड के उच्चभट्टी में भी सीसी रोड निर्माण कार्यों को मंजूरी मिली है।

बताया गया है कि प्रत्येक कार्य के लिए 5 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। इस संबंध में विभागीय स्वीकृति पत्र जिला कलेक्टर कार्यालय सक्ती को नवा रायपुर से प्राप्त हो चुका है। संबंधित अधिकारियों को 10 सितंबर तक पृथक-पृथक प्राक्कलन तैयार कर भेजने के निर्देश दिए गए हैं।

गिरधर जायसवाल ने बताया कि इन विकास कार्यों की स्वीकृति मिलने पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, पंचायत प्रतिनिधियों, कांग्रेसजनों, ग्राम पंचायतों के पदाधिकारियों, बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं तथा मंडल एवं पंचायत कमेटियों ने डॉ. चरणदास महंत के प्रति आभार व्यक्त किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *