छुरा में धूमधाम से मना कान्हा के जन्म का उत्सव, भक्ति और उल्लास में डूबा यादव समाज

Spread the love

परमेश्वर राजपूत, गरियाबंद/छुरा : छुरा नगर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास और भक्ति भाव के साथ मनाया गया। यादव समाज छुरा नगर के तत्वावधान में सहाड़ादेव बाजार परिसर में आयोजित भव्य जन्माष्टमी उत्सव में दिनभर धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही।कार्यक्रम की शुरुआत शुक्रवार सुबह 10 बजे भव्य कलश यात्रा से हुई। राउत नाचा दल पिपरछेड़ी के साथ निकली कलश यात्रा में बड़ी संख्या में माताएं-बहनें सिर पर कलश लेकर शामिल हुईं। नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए यात्रा जब गुजरी तो “नंद घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की” के जयकारों से पूरा नगर गूंज उठा।

ये भी पढ़े :“अदालतें सिर्फ ईंट-पत्थर की इमारत नहीं…” विदाई पर भावुक हुए छत्तीसगढ़ HC के चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा

दोपहर 1 बजे से माताओं का परंपरागत मटकी फोड़ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान यादव समाज की महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और कृष्ण भक्ति से जुड़े लोकगीतों पर नृत्य भी किया। मटकी फोड़ते ही परिसर तालियों और जयकारों से गूंज उठा।शाम 5 बजे से छुरा के स्थानीय म्यूजिकल ग्रुप द्वारा भजन संध्या की शुरुआत की गई, जिसमें कलाकारों ने भजनों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। शाम 7 बजे से जय गुरुदेव संकीर्तन मंडली का कार्यक्रम हुआ। कुड़ेरादादर से पधारे कामता प्रसाद जी ने अपनी मधुर वाणी में संकीर्तन प्रस्तुत किया।रात्रि 10 बजे से अंतिम चरण में जय कपीश मानस परिवार, आमाकोनी (बागबाहरा) द्वारा कृष्ण जन्म लीला का सजीव मंचन किया गया। ठीक मध्यरात्रि 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण के जन्म पर शंख-घंट-घड़ियाल बजे और “हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की” के उद्घोष से पंडाल गूंज उठा। भगवान को पंचामृत से स्नान कराकर माखन-मिश्री का भोग लगाया गया और प्रसाद वितरित किया गया।कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए यादव समाज के अध्यक्ष सहित सभी पदाधिकारियों ने नगरवासियों का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *