CG Weather Alert: छत्तीसगढ़ में फिर बदला मौसम, 5 दिन भारी बारिश का खतरा; रायपुर समेत कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट

Spread the love

रायपुर :बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में मानसून ने फिर रफ्तार पकड़ ली है. कई इलाकों में झमाझमा बारिश का दौर शुरू हो गया है. बीते 24 घंटे में सभी इलाकों में वर्षा हुई, लेकिन बलरामपुर जिले के एक-दो स्थानों पर जोरदार बारिश हुई है. मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 5 दिनों तक प्रदेश में मौसम बिगड़ा रहेगा. राजधानी रायपुर में रविवार को बारिश ने लोगों को जमकर भिगाया. आज सुबह से शहर में पानी गिर रहा है. सड़कों पर जलभराव की स्थिति बन गई है. लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

 रायपुर में बादल, बारिश और गरज-चमक

राजधानी रायपुर में 31 अगस्त को आसमान सामान्यतः मेघमय रहने की संभावना है. कुछ स्थानों पर बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं. अधिकतम तापमान करीब 24 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है.

अगले 5 दिनों तक बारिश

मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में अगले पांच दिनों तक बारिश की गतिविधियों में वृद्धि होने की संभावना है. इस दौरान प्रदेश के कुछ स्थानों पर भारी बारिश और कुछ स्थानों पर अत्यंत भारी बारिश हो सकती है. पिछले 24 घंटों में प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई. बलरामपुर जिले के एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हुई.  प्रदेश में अब तक मौसमी बारिश सामान्य रही है और बारिश में सामान्य से केवल 3 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है.

ये भी पढ़े :Pitru Paksha 2026: 26 सितंबर से शुरू होगा पितृपक्ष, 10 अक्टूबर को सर्वपितृ अमावस्या; देखें श्राद्ध का पूरा कैलेंडर

 कई जिलों में बारिश का अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने सुबह 10 बजे तक कई जिलों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है. उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाज़ार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सुरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में बारिश, तेज हवा और आकाशीय बिजली गिरने को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.

इसी तरह सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कबीरधाम, मुंगेली, कोरिया और बलरामपुर में हलकी वर्षा की संभावना जताई गई है. इन इलाकों में यलो अलर्ट एक्टिव है.

बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में सबसे ज्यादा 12 सेमी बारिश

पिछले 24 घंटों में रघुनाथनगर और रामानुजगंज में सर्वाधिक 12-12 सेमी, राजपुर में 10 सेमी, कुसमी और चांदो में 9-9 सेमी, जनकपुर-भरतपुर और अंबिकापुर में 7-7 सेमी बारिश दर्ज की गई. इसके अलावा 6 सेमी बलरामपुर में, कर्तला, कोटाडोल, समरी, दरभा, गुंडरदेही, अर्जुन्दा, बालोद, गुरूर और धमतरी में 5-5 सेमी पानी गिरा.  गरियाबंद, राजिम, सरागांव, कोरबा, हरदीबाजार, रतनपुर, दौरा कोचली, कांकेर, मगरलोड, कुकरेल, नरहरपुर, भानुप्रतापपुर, पाली, सरौना , बड़े राजपुर में 4-4 सेमी बारिश हुई है, अधिकांश हिस्सों में इससे कम बारिश दर्ज की गई.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *