CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में अगले 3 दिन कैसा रहेगा मौसम? रायपुर में बढ़ेगी गर्मी, जानें ताजा अपडेट

Spread the love

रायपुर :  छत्तीसगढ़ में मानसून की विदाई के बीच बारिश की गतिविधियां कमजोर पड़ गई हैं। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में अगले तीन दिनों तक मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है। इसके बाद कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। फिलहाल मौसम विभाग ने किसी तरह की चेतावनी जारी नहीं की है।

बारिश की गतिविधियां कम होने के साथ ही प्रदेश के कई शहरों में तापमान बढ़ रहा है। राजधानी रायपुर और राजनांदगांव सहित कई इलाकों में गर्मी का असर महसूस किया जा रहा है।

 रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?

राजधानी रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में आज आसमान साफ रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, यहां अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 24 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।

ये भी पढ़े :गन्ना किसानों के हित में बड़ा निर्णय: अब 425 रुपए प्रति क्विंटल की दर से होगी गन्ने की खरीदी

 राजनांदगांव में 36 डिग्री पहुंचा अधिकतम तापमान

पिछले 24 घंटों के दौरान राजनांदगांव में प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 18.6 डिग्री सेल्सियस रहा। इस अवधि में प्रदेश में कहीं भी उल्लेखनीय बारिश दर्ज नहीं की गई।

शुक्रवार को रायपुर में अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था।

मानसून की वापसी के बीच सक्रिय मौसमी प्रणालियां

मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी की रेखा सुपौल, रांची, सुंदरगढ़, बरगढ़ और बीजापुर समेत कई स्थानों से होकर गुजर रही है। अगले तीन से चार दिनों में पूर्वी भारत, पूर्वोत्तर भारत और उत्तरी प्रायद्वीप के कुछ और हिस्सों से मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।

इसके अलावा, पश्चिमी असम से तेलंगाना तक फैली द्रोणिका छत्तीसगढ़ सहित कई राज्यों से होकर गुजर रही है। पूर्वी उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण भी बना हुआ है।

हालांकि, इन मौसमी प्रणालियों के बावजूद फिलहाल छत्तीसगढ़ में व्यापक बारिश की संभावना नहीं जताई गई है। अगले कुछ दिनों तक मौसम शुष्क रहने और तापमान में उतार-चढ़ाव जारी रहने का अनुमान है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *