सारंगढ़-बिलाईगढ़/श्रीनगर : जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में हुए कायराना आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के युवा श्रमिक भूपेंद्र भैना (28) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस दुखद घटना से पूरे जिले में शोक की लहर दौड़ गई है। भूपेंद्र रोजी-रोटी कमाने के लिए जम्मू-कश्मीर में मजदूरी करने गए थे।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात कुलगाम के केलाम क्षेत्र स्थित एक ईंट भट्ठे पर आतंकियों ने हमला किया। प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक हमलावरों ने पहले वहां मौजूद प्रवासी मजदूरों के नाम और पहचान पूछी। इसके बाद हिंदू मजदूरों को अलग कर उन पर नजदीक से ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। इस हमले में सारंगढ़-बिलाईगढ़ के भूपेंद्र भैना और सक्ती जिले के दीपक रात्रे की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और अन्य सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। सुरक्षा एजेंसियां हमले में शामिल आतंकियों की तलाश में जुटी हुई हैं।
भूपेंद्र भैना की मौत की खबर मिलते ही उनके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में भी शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने इस आतंकी हमले की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए इसे कायराना आतंकी हमला बताया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है तथा जम्मू-कश्मीर प्रशासन के संपर्क में रहकर हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

