छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस पर CM योगी ने दी बधाई, मां दंतेश्वरी से की प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना

Spread the love

लखनऊ : छत्तीसगढ़ के 26वें स्थापना दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने छत्तीसगढ़ को समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं और प्राकृतिक संपदाओं से परिपूर्ण राज्य बताते हुए मां दंतेश्वरी से प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने संदेश में लिखा कि भारतीय संस्कृति और लोक आस्था की समृद्ध परंपराओं से सुसज्जित तथा विपुल प्राकृतिक संपदा से परिपूर्ण छत्तीसगढ़ राज्य के स्थापना दिवस पर सभी प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई।

उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सर्वांगीण विकास की दिशा में आगे बढ़े। प्रदेश का प्रत्येक नागरिक सुखी, समृद्ध और सशक्त बने, मां दंतेश्वरी से उनकी यही प्रार्थना है।

ये भी पढ़े :छत्तीसगढ़ में फिर बिगड़ेगा मौसम! बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान के संकेत

26 साल का हुआ छत्तीसगढ़, राज्योत्सव 2026 का आगाज

छत्तीसगढ़ 1 नवंबर 2026 को अपना 26वां स्थापना दिवस मना रहा है। 1 नवंबर 2000 को मध्य प्रदेश से अलग होकर छत्तीसगढ़ देश के नए राज्य के रूप में अस्तित्व में आया था।

स्थापना दिवस के अवसर पर नवा रायपुर (अटल नगर) में तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 का शुभारंभ हो रहा है। इस वर्ष आयोजन की थीम ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ रखी गई है।

प्राकृतिक संपदा और जनजातीय संस्कृति है छत्तीसगढ़ की पहचान

छत्तीसगढ़ अपनी प्राकृतिक खूबसूरती, समृद्ध जनजातीय विरासत और सांस्कृतिक विविधता के लिए जाना जाता है। धान का कटोरा कहे जाने वाले इस राज्य की पहचान यहां के वन क्षेत्रों, जैव विविधता और पारंपरिक कलाओं से भी जुड़ी है।

बस्तर की जनजातीय संस्कृति और ढोकरा शिल्पकला को देश-दुनिया में पहचान मिली है। वहीं, चित्रकोट जलप्रपात, तीरथगढ़ जलप्रपात और सिरपुर के ऐतिहासिक मंदिर राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल हैं।

अपनी प्राकृतिक संपदा, सांस्कृतिक विरासत और विकास की संभावनाओं के साथ छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस के मौके पर एक बार फिर देशभर से शुभकामनाएं प्राप्त कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *