गिरदावरी कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं – पटवारियों को सख्त निर्देश, देवकर तहसील में राजस्व प्रकरणों के त्वरित निराकरण पर जोर
बेमेतरा टेकेश्वर दुबे : कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाई ने आज विभिन्न क्षेत्रों का औचक निरीक्षण कर राजस्व, प्रशासनिक एवं निर्माण कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने साजा में गिरदावरी कार्य, देवकर में तहसील कार्यालय एवं परपोड़ी में नव निर्मित आंगनबाड़ी केन्द्र का निरीक्षण की।
साजा में गिरदावरी कार्य का निरीक्षण – गंभीरता से काम करने के निर्देश
कलेक्टर ने साजा में चल रहे खरीफ गिरदावरी कार्य का जायजा लिया। उन्होंने खेतों में उपस्थित पटवारियों से गिरदावरी रिपोर्ट, फसल की स्थिति, बोए गए रकबे एवं डिजिटल एंट्री के संबंध में जानकारी ली।
कलेक्टर ने राजस्व अधिकारियों एवं पटवारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि गिरदावरी कार्य को अत्यंत गंभीरता एवं पारदर्शिता के साथ किया जाए। यह कार्य किसानों के हित से सीधे जुड़ा है, इसलिए किसी भी प्रकार की लापरवाही या त्रुटि न हो। मौके पर जाकर फसल का सत्यापन करें और किसानों से चर्चा कर सही जानकारी दर्ज करें, ताकि फसल बीमा, मुआवजा एवं अन्य शासकीय योजनाओं में किसानों को लाभ मिल सके।
देवकर तहसील कार्यालय का निरीक्षण – राजस्व मामलों में तेजी लाने कहा
इसके पश्चात कलेक्टर ने देवकर तहसील कार्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, आय, जाति, निवास प्रमाण पत्र एवं राजस्व न्यायालय में लंबित प्रकरणों की जानकारी ली।
कलेक्टर ने तहसीलदार एवं राजस्व अमले को निर्देशित किया कि आम नागरिकों से जुड़े राजस्व मामलों का निराकरण समय-सीमा में एवं प्राथमिकता से किया जाए। कार्यालय में आने वाले ग्रामीणों की समस्याओं को संवेदनशीलता से सुना जाए और अनावश्यक रूप से उन्हें चक्कर न लगाना पड़े। सभी अभिलेखों को व्यवस्थित एवं अद्यतन रखने के निर्देश भी दिए।
परपोड़ी में नवनिर्मित आंगनबाड़ी केन्द्र का निरीक्षण
कलेक्टर ने ग्राम परपोड़ी में नवनिर्मित आंगनबाड़ी केन्द्र भवन का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता, प्रगति एवं उपयोग की जा रही सामग्री का अवलोकन किया।
उन्होंने संबंधित निर्माण एजेंसी एवं अधिकारियों को निर्देश दिए कि आंगनबाड़ी केन्द्र के शेष कार्य को गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूर्ण किया जाए। यह केन्द्र बच्चों और माताओं के पोषण एवं प्रारंभिक शिक्षा से जुड़ा है, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की कमी न रहे।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम साजा, तहसीलदार एवं संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।




