सरगुजा के जंगल में गौ हत्या का मामला, पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा; तीन अंधेरे का फायदा उठाकर फरार

Spread the love

अंबिकापुर : सरगुजा जिले में गौ हत्या के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गाय के अवशेष और टांगी बरामद करने का दावा किया है। मामला ग्राम रजौटी के सान्याघुटरी जंगल का है।

पुलिस के अनुसार रविवार शाम करीब 8 बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि सान्याघुटरी जंगल में कुछ ग्रामीणों द्वारा गाय की हत्या कर उसके मांस का बंटवारा किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।

पुलिस पहुंची तो तीन आरोपी फरार

पुलिस की टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए दो संदिग्धों को पकड़ लिया। हालांकि, अंधेरा होने का फायदा उठाकर तीन आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहे। पुलिस ने फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस ने रजौटी बरपारा निवासी 45 वर्षीय अजय कुमार कुजूर, पिता बंदुराम, और 27 वर्षीय रंजीत कुजूर, पिता छोटेलाल कुजूर को हिरासत में लिया है। वहीं गुमगरा निवासी विवेक खलखो समेत तीन अन्य आरोपियों के मौके से फरार होने की जानकारी सामने आई है।

ये भी पढ़े :रिटायरमेंट से पहले कर्मचारी को मिलेगी गृह जिले में पोस्टिंग! हाईकोर्ट का बड़ा आदेश, सरकार को 15 दिन की मोहलत

मौके से गाय के अवशेष और टांगी जब्त

पुलिस के मुताबिक घटनास्थल पर कटे हुए गाय के अवशेष मिले, जिन्हें जांच के लिए जब्त किया गया है। इसके अलावा पुलिस ने टांगी भी बरामद की है। जब्त सामग्री को मामले में साक्ष्य के तौर पर लिया गया है।

पूछताछ में सामने आई मांस बांटने की बात

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में उन्होंने बताया कि कथित तौर पर गाय की हत्या के बाद मांस आपस में बांटा जाता था और बचा हुआ मांस बेच दिया जाता था।

मामले में पुलिस ने धारा 325, 3(5) तथा छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 4, 5 और 10 के तहत अपराध दर्ज किया है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेज दिया गया है।

वहीं फरार तीन आरोपियों की तलाश में पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *