रायपुर : जापान में आयोजित एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने स्वर्ण पदक जीतकर देश का मान बढ़ाया है। भारतीय टीम की इस स्वर्णिम सफलता में छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले की संजू देवी भी टीम की सदस्य के रूप में शामिल रहीं। भारत की जीत के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने संजू देवी को फोन कर उनकी उपलब्धि पर बधाई और शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने संजू देवी से आत्मीय बातचीत करते हुए उनके प्रदर्शन की सराहना की और कहा कि उनकी उपलब्धि से पूरा छत्तीसगढ़ गौरवान्वित है।
मेहनत और प्रतिभा से बढ़ाया प्रदेश का मान
सीएम साय ने कहा कि संजू देवी ने अपनी प्रतिभा, कड़ी मेहनत और शानदार खेल प्रदर्शन के दम पर न सिर्फ छत्तीसगढ़, बल्कि देश का नाम भी रोशन किया है। अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारतीय महिला कबड्डी टीम की स्वर्णिम सफलता में छत्तीसगढ़ की बेटी की भागीदारी प्रदेश के लिए विशेष गौरव का विषय है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एशियन गेम्स जैसे प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय आयोजन में देश का प्रतिनिधित्व करना और टीम की स्वर्ण पदक जीत का हिस्सा बनना युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि है।
बेटियों और युवा खिलाड़ियों के लिए बनीं प्रेरणा
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की बेटियां आज शिक्षा, खेल और अन्य क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं। कोरबा की संजू देवी ने खेल कौशल और मेहनत के दम पर राष्ट्रीय टीम में जगह बनाई और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व किया।
उन्होंने कहा कि संजू देवी की सफलता प्रदेश के उन युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा है, जो खेल के क्षेत्र में आगे बढ़कर देश और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने का सपना देखते हैं।
ये भी पढ़े :498-A का केस दर्ज कराना पति के प्रति क्रूरता नहीं, हाईकोर्ट ने तलाक का आदेश किया रद्द
गांव और आदिवासी अंचलों की प्रतिभाओं को मंच देने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार छत्तीसगढ़ की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए बेहतर प्रशिक्षण, सुविधाएं और अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है। प्रयास है कि गांवों, आदिवासी क्षेत्रों और छोटे शहरों में छिपी प्रतिभाओं को उचित मंच मिले और वे राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करें।
फाइनल में ईरान को हराकर भारत ने जीता स्वर्ण
जापान में आयोजित एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने फाइनल मुकाबले में ईरान को हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। टीम की इस सफलता में कोरबा की संजू देवी भी सदस्य के तौर पर शामिल रहीं।
पूरी भारतीय टीम को CM साय ने दी बधाई
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भारतीय महिला कबड्डी टीम के सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और सहयोगी स्टाफ को भी स्वर्ण पदक जीतने पर बधाई दी। उन्होंने टीम के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि भारतीय खिलाड़ी आने वाली अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी शानदार प्रदर्शन कर देश का गौरव बढ़ाते रहेंगे।



