‘दृश्यम 3’ का बॉक्स ऑफिस पर तूफान, दूसरे दिन भी करोड़ों की कमाई; 2 दिन में 100 करोड़ क्लब में एंट्री

Spread the love

मुंबई :  अजय देवगन की मच अवेटेड फिल्म ‘दृश्यम 3: द कनक्लूजन’ रिलीज होते ही बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा रही है। विजय सलगांवकर की कहानी के अगले अध्याय को देखने के लिए लंबे समय से इंतजार कर रहे दर्शकों का उत्साह फिल्म की कमाई में भी नजर आ रहा है। 2 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई इस फिल्म ने पहले दिन शानदार ओपनिंग के बाद दूसरे दिन भी अपनी पकड़ मजबूत बनाए रखी।

फिल्म ने पहले दिन भारतीय बॉक्स ऑफिस पर करीब 62 करोड़ रुपये नेट का कलेक्शन किया था। अब दूसरे दिन भी इसकी कमाई मजबूत रही है। इंडस्ट्री ट्रैकर सैकनिल्क के मुताबिक, ‘दृश्यम 3’ ने दूसरे दिन भारत में करीब 53 करोड़ रुपये नेट कमाए।

दो दिन में 115 करोड़ के पार पहुंचा कलेक्शन

दूसरे दिन की कमाई के साथ फिल्म का घरेलू बॉक्स ऑफिस कलेक्शन दो दिनों में करीब 115.50 करोड़ रुपये नेट हो गया है। वहीं फिल्म का भारत में ग्रॉस कलेक्शन करीब 138.65 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।

यानी अजय देवगन की फिल्म ने महज दो दिनों में ही 100 करोड़ क्लब में एंट्री कर ली है। छुट्टियों का फायदा भी फिल्म को मिल रहा है और आने वाले दिनों में इसकी कमाई और तेजी पकड़ सकती है।

विदेशों में भी ‘दृश्यम 3’ का जलवा

फिल्म का प्रदर्शन सिर्फ भारतीय बॉक्स ऑफिस तक सीमित नहीं है। विदेशी बाजारों में भी ‘दृश्यम 3’ को अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक, दूसरे दिन फिल्म ने विदेशों में करीब 20 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया, जिसके बाद दो दिनों का विदेशी कलेक्शन करीब 38.50 करोड़ रुपये हो गया है।

दुनियाभर में फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन 177 करोड़ रुपये के पार पहुंच चुका है। इस आंकड़े के साथ ‘दृश्यम 3’ इस साल की सबसे बड़ी ओपनिंग वाली फिल्मों में शामिल हो गई है।

ये भी पढ़े :त्रैमासिक परीक्षा के प्रश्न-पत्र लीक मामले में 15 दिन बाद भी ठोस कार्रवाई नहीं कलेक्टर से निष्पक्ष जांच की मांग, DEO ने कहा- जांच टीम गठित; दोषी मिले तो होगी विभागीय कार्रवाई

विजय सलगांवकर बनकर फिर लौटे अजय देवगन

‘दृश्यम 3’ में अजय देवगन एक बार फिर विजय सलगांवकर के किरदार में नजर आ रहे हैं। उनके साथ श्रिया सरन, तब्बू, रजत कपूर, इशिता दत्ता, मृणाल जाधव और कमलेश सावंत जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में हैं। वहीं जयदीप अहलावत और प्रकाश राज की एंट्री ने फिल्म की कहानी को नया मोड़ दिया है।

फिल्म की कहानी विजय और उसके परिवार के इर्द-गिर्द आगे बढ़ती है। पिछली घटनाओं के बाद एक नई जांच शुरू होती है और सीबीआई अधिकारी की एंट्री के साथ विजय के परिवार पर एक बार फिर मुश्किलें बढ़ने लगती हैं।

इस बार कहानी में आया बड़ा बदलाव

फिल्म का निर्देशन अभिषेक पाठक ने किया है। उन्होंने आमिल कीयन खान और परवेज शेख के साथ मिलकर कहानी लिखी है।

‘दृश्यम’ फ्रैंचाइजी की पहली दो हिंदी फिल्मों ने मलयालम फिल्म की कहानी को आधार बनाया था, लेकिन तीसरे पार्ट में मेकर्स ने कहानी को एक अलग दिशा में ले जाने का फैसला किया है। यही वजह है कि ‘दृश्यम 3: द कनक्लूजन’ हिंदी फ्रैंचाइजी की एक अलग कहानी पेश करती है।

अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि विजय सलगांवकर इस बार भी कानून और जांच एजेंसियों को मात दे पाएगा या कहानी का अंत कुछ ऐसा होगा, जिसकी किसी ने कल्पना नहीं की होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *